पटना। संदलपुर स्थित प्लीजेंट वैली स्कूल में 28 अप्रैल से चल रही बिहार राज्य अंडर-7 बालक एवं बालिका शतरंज प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हो गया। रोमांचक मुकाबलों के बाद बालक वर्ग में सहरसा के रुद्र प्रताप और बालिका वर्ग में भोजपुर की आव्या श्रीवास्तव ने खिताब अपने नाम किया।
अंतिम चक्र की समाप्ति के बाद रुद्र प्रताप ने साढ़े पांच अंकों के साथ बालक वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने अंतिम दौर में पटना के भव्यांश अनन्तजित के साथ सफेद मोहरों से खेलते हुए बाजी ड्रॉ पर समाप्त की और खिताब अपने नाम कर लिया। पांच अंकों के साथ तीन अन्य खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां टाईब्रेक अंकों के आधार पर लखीसराय के कृष्णा को उपविजेता, पूर्णिया के आरव सिंह को द्वितीय उपविजेता और भागलपुर के अन्वेष कुमार आर्य को चतुर्थ स्थान मिला।

बालिका वर्ग में भोजपुर की आव्या श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरपुर की समायरा को काले मोहरों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। आधे अंक की बढ़त के साथ खेल रही आव्या इस जीत के साथ अपराजेय चैंपियन बनीं। वहीं पटना की अन्वी सराफ और किशनगंज की अमायरा रहमान चार अंकों के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्लीजेंट वैली स्कूल के चेयरमैन लल्लन कुमार सिंह, अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार, विद्यालय के प्राचार्य चंद्रशेखर आजाद एवं पटना जिला शतरंज संघ के सचिव विपुल सुभाषी ने विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव शिवप्रिय भारद्वाज सहित शशिनंद कुमार, मनीष कुमार, आलोक प्रियदर्शी, राहुल कुमार, हिमांशु हर्ष और आशीष राज समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





