पटना। संदलपुर स्थित प्लीजेंट वैली स्कूल में आयोजित बिहार राज्य अंडर-7 बालक एवं बालिका शतरंज प्रतियोगिता में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। बुधवार, 29 अप्रैल को खेले गए मुकाबलों के बाद बालक वर्ग में सहरसा के रेटेड खिलाड़ी रुद्र प्रताप पांच अंकों के साथ एकल शीर्ष पर पहुंच गए हैं, जबकि बालिका वर्ग में भोजपुर की आव्या श्रीवास्तव ने चार अंकों के साथ अकेले बढ़त बना ली है।
पांचवें चक्र के मुकाबलों में रुद्र प्रताप ने लखीसराय के कृष्णा को काले मोहरों से पराजित कर शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। उनके पीछे चार अंकों के साथ सात खिलाड़ी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं, जिससे अंतिम चक्र में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

बालिका वर्ग में आव्या श्रीवास्तव ने पटना की आद्या सागर को हराकर चार अंकों के साथ एकल बढ़त हासिल की। वहीं दूसरे बोर्ड पर मुजफ्फरपुर की समायरा ने बांका की प्रिशा एन शुक्ला को पराजित कर साढ़े तीन अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीन अंकों के साथ अधीरा, अन्वी और अमायरा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
प्रतियोगिता का अंतिम चक्र गुरुवार सुबह खेला जाएगा, जिसके बाद विजेताओं का फैसला होगा। तत्पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, गुरुवार अपराह्न 2 बजे से अंडर-9 आयु वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे, जो 2 मई तक चलेंगे।





