Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में महज 37 गेंदों में 103 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 छक्के और 5 चौके शामिल थे।
उनकी इस धमाकेदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 228/6 का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद बातचीत में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी सफलता का राज साझा करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी दबाव के अपने नैचुरल गेम पर भरोसा किया। उन्होंने बताया कि पहली ही गेंद पर छक्का लगाने की कोई खास योजना नहीं थी, लेकिन टीम के साथी यशस्वी जायसवाल के साथ हुई बातचीत ने उन्हें खुलकर खेलने का आत्मविश्वास दिया।
उन्होंने कहा कि पहली गेंद पर छक्का लगाने की कोई योजना नहीं थी। मैच से पहले हमने बात की थी कि आज हमें खुलकर खेलना चाहिए। अगर मौका मिले तो अपने खेल पर भरोसा रखना चाहिए, और मैंने वही किया। वैभव ने अपनी आक्रामक शुरुआत पर कहा कि उन्होंने ज्यादा सोच-विचार नहीं किया और गेंद के अनुसार खेलते गए। “विकेट अच्छा था, इसलिए मैंने अपने शॉट्स पर भरोसा किया और उसी के हिसाब से खेला।”
Vaibhav Sooryavanshi ने अपनी तैयारी को लेकर क्या कहा?
इस युवा बल्लेबाज ने अपनी तैयारी को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि वह मैच से पहले विजुअलाइजेशन (मानसिक तैयारी) पर काफी ध्यान देते हैं। “मैं सोचता हूं कि सामने कौन-कौन से गेंदबाज हैं, उनके खिलाफ कौन से शॉट खेल सकता हूं और मैदान की बाउंड्री कैसी है। मैं इन सब चीजों की पहले ही कल्पना कर लेता हूं।”
पिच के बारे में उन्होंने कहा कि यह बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी, हालांकि नई गेंद के साथ गेंदबाजों को भी थोड़ी मदद मिल रही थी। “गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी, लेकिन शुरुआत में थोड़ी मूवमेंट भी थी। कुल मिलाकर यह एक अच्छा विकेट था।”
वैभव ने आईपीएल में लगाया दूसरा शतक
इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में दो शतक लगाने वाले पहले अनकैप्ड बल्लेबाज बन गए हैं। इस पारी के दौरान उन्होंने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है। इससे पहले वैभव ने यह कारनामा पिछले साल 35 गेंदों पर किया था।
IPL में सबसे तेज़ शतक (गेंदों के हिसाब से)
- 30 – क्रिस गेल (RCB) बनाम PWI, बेंगलुरु, 2013
- 35 – वैभव सूर्यवंशी (RR) बनाम GT, जयपुर, 2025
- 36 – वैभव सूर्यवंशी (RR) बनाम SRH, जयपुर, 2026*
- 37 – यूसुफ पठान (RR) बनाम MI, मुंबई BS, 2010
- 37 – हेनरिक क्लासेन (SRH) बनाम KKR, दिल्ली, 2025







