पटना: पद्मभूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान मेमोरियल बिहार प्राइड कप के अंतर्गत आयोजित पहले चरण के चयन ट्रायल में 829 पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह ट्रायल पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में सफलतापूर्वक, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री सुनील पासवान (प्रदेश अध्यक्ष, खेल कूद प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, औरंगाबाद, अरवल, रोहतास, कैमूर (भभुआ), बक्सर एवं भोजपुर से आए खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

उन्होंने आगे बताया कि बिहार प्राइड कप के चयन ट्रायल राज्य के चार प्रमुख स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से आयोजित किए जा रहे हैं। प्रथम चरण का ट्रायल पटना में सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, जबकि द्वितीय चरण समस्तीपुर, तृतीय चरण मोतिहारी तथा चतुर्थ एवं अंतिम चरण लखीसराय में आयोजित किया जाएगा।
इन सभी चरणों में बिहार के विभिन्न जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी भाग लेकर अपना ट्रायल देंगे। सभी चरणों के पूर्ण होने के पश्चात चयनित खिलाड़ियों के आधार पर कुल 12 टीमों का गठन किया जाएगा, जिनमें 6 टीमें बालक वर्ग (पुरुष) तथा 6 टीमें महिला वर्ग की होंगी।
आयोजन समिति ने प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना करते हुए आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रतियोगिता राज्य के खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच प्रदान करेगी।





