पटना, 20 अप्रैल। स्थानीय कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए एक प्रदर्शनी क्रिकेट मैच में लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट, दानापुर के करण कुमार ने तूफानी खेली और उसकी बदौलत टीम ने जीसीए इलेवन के खिलाफ 192 रन की शानदार जीत दर्ज की। इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण कप्तान करण कुमार की 199 रन की तूफानी पारी रही, जिन्होंने दोहरे शतक से महज एक रन से चूकते हुए भी मैच को यादगार बना दिया।
106 गेंदों में 199, चौकों-छक्कों की बारिश
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। कप्तान करण कुमार ने 106 गेंदों में नाबाद 199 रन ठोकते हुए विपक्षी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उनकी पारी में 29 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनके बल्ले से मैदान के हर कोने में शॉट्स की बौछार देखने को मिली। बल्लेबाजी के बाद करण ने गेंद से भी कमाल दिखाया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 2 अहम विकेट झटके, जिससे विपक्ष की कमर टूट गई।
उन्हें दूसरे छोर से अमन कुमार (13), भविष्य कुमार (28) और शिबू भूषण (27) का अच्छा साथ मिला। टीम ने निर्धारित 30 ओवर में 5 विकेट पर 310 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

311 के लक्ष्य के सामने बिखरी GCA इलेवन
लक्ष्य का पीछा करने उतरी GCA इलेवन की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती चली गई। पूरी टीम 26.4 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। मोहित राज ने 51 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, जबकि नीतीश ने 20 रन जोड़े, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके। लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट की ओर से हरिओम ने 3/18 के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे। रुपेश (2/21) और करण कुमार (2/10) ने भी अहम योगदान दिया।
संक्षिप्त स्कोर
लर्निंग स्कूल ऑफ क्रिकेट: 30 ओवर में पांच विकेट पर 310 रन, करण कुमार नाबाद 199, अमन कुमार 13, भविष्य कुमार 28, प्रत्यूष राज 11, शिबू भूषण 27, अतिरिक्त 28, समीर पांडेय 2/34, एमडी हुजैफा 1/46, सुजल राज 1/64, नीतीश 1/55
जीसीए इलेवन : 26.4 ओवर में 118 ऑल आउट, मोहित राज 51, नीतीश 20, अतिरिक्त 25, हरिओम 3/18, रुपेश 2/21, करण कुमार 2/10, विनय 1/11,अमन कुमार यादव 1/41






