पटना। टेनिस बॉल क्रिकेट के लोकप्रिय टूर्नामेंट इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) का रोमांच अब बिहार में भी देखने को मिलेगा। आईटीपीएल (ITPL) के माध्यम से इस लीग का विस्तार राज्य के विभिन्न जिलों तक किया जाएगा। इसकी जानकारी ITPL के चेयरमैन दिव्य प्रभात ने पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि चेन्नई, दिल्ली, मुंबई, पंजाब, कोलकाता, राजस्थान, बैंगलोर और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के बाद अब बिहार के खिलाड़ी भी इस मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।
मई से शुरू होंगे ट्रायल, चार शहरों में मौका
दिव्य प्रभात ने बताया कि टीम चयन की प्रक्रिया मई माह से शुरू होगी। इसके तहत ओपन ट्रायल पटना के अलावा भागलपुर, मुजफ्फरपुर और रोहतास में आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह खुली होगी, जिसमें कोई भी प्रतिभागी हिस्सा ले सकता है।
ट्रायल का खास फॉर्मेट
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के लिए खास चुनौती दी जाएगी। बल्लेबाजों को 6 गेंदों में कम से कम 13 रन बनाने होंगे, जबकि गेंदबाजों को एक ओवर में 13 रन बचाने होंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ISPL के सेलेक्शन ट्रायल के लिए आगे भेजा जाएगा।

ISPL: भारत का पहला स्टेडियम-आधारित टेनिस बॉल T10 टूर्नामेंट
ISPL को भारत का पहला स्टेडियम में खेले जाने वाला टेनिस बॉल T10 क्रिकेट टूर्नामेंट माना जाता है। यह अपनी तेज रफ्तार और रोमांचक मुकाबलों के लिए जाना जाता है। लीग में ‘माझी मुंबई’ और ‘दिल्ली सुपरहीरोज’ जैसी टीमों के बीच मुकाबले खास आकर्षण का केंद्र रहते हैं। इस लीग से कई बड़े नाम जुड़े हुए हैं, जिनमें अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, ऋतिक रोशन, राम चरण, सचिन तेंदुलकर, शिल्पा शेट्टी और सूर्या जैसे दिग्गज शामिल हैं।
ये रहे मौजूद गणमान्य लोग
प्रेसवार्ता के दौरान लीग कमिश्नर सुमित कुमार, संयोजक अभिषेक रंजन, ITPL भारत के चीफ सेलेक्टर मनोज कुमार पाली, बिहार एवं ईस्ट जोन के सेलेक्टर देवव्रत प्रिंस समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। ITPL के जरिए ISPL से जुड़ने का यह प्लेटफॉर्म बिहार के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर साबित हो सकता है। अब राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे।





