नालंदा: बिहार क्रिकेट संघ (BCA) मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के पहले क्वार्टर फाइनल में गोपालगंज (वेस्टर्न जोन) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना (पाटलिपुत्र जोन) को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला 17 अप्रैल 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेला गया।
पटना 190 रन पर सिमटी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना की टीम 50 ओवर के मुकाबले में 36.5 ओवर में ही 190 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अनमोल ने सबसे ज्यादा 69 रन बनाए। इसके अलावा आदित्य (24), पार्थ (22), आयुष (13) और शुभम व प्रियांशु (12-12 रन) ने योगदान दिया। गोपालगंज की ओर से गेंदबाजी में दिव्या कुमार और सुजय ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं, रिंकल तिवारी और आकाश को 2-2 विकेट मिले।

गोपालगंज ने 6 विकेट से जीता मुकाबला
191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोपालगंज की टीम ने 33.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से राजगुरु ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 74 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। दिव्या कुमार 31 रन और शुभम 18 रन बनाकर नाबाद रहे। शशिकांत (27), आशीष (13) और आयुष्मान (12) ने भी उपयोगी योगदान दिया। पटना की ओर से अनिमेष ने 2 विकेट लिए, जबकि उत्तम और सौरभ को 1-1 विकेट मिला।
दिव्या कुमार बने मैन ऑफ द मैच
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए गोपालगंज के दिव्या कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी में 3 विकेट लेने के साथ बल्लेबाजी में भी अहम योगदान दिया। मैच के दौरान क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सचिव गोपाल कुमार सिंह पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार संयुक्त सचिव संजीव कुमार, गंगा प्रसाद डॉ संजय संतोष पांडेय हैदर अली सिद्धार्थ कुमार बाबा बिक्रम सोलंकी, परवेज़ मुस्तफा इत्यादि मौजूद रहे।। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 18 अप्रैल 2026 को मिथिला जोन और मगध जोन के विजेताओं के बीच खेला जाएगा।





