सारण: नयागांव के मैदान पर खेले गए अंडर-15 जूनियर मुकाबले में केटीसीए दीघा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए केटीसीए नया गांव को 71 रनों से हराकर एक प्रभावशाली जीत दर्ज की। दीघा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 246 रन बनाए। जवाब में नया गांव की टीम 175 रन ही बना सकी।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला नया गांव के लिए महंगा साबित हुआ, जब दीघा की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट खोकर 246 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। टीम की ओर से आदित्य चौहान ने 33 रन बनाकर पारी को संभाला, जबकि आयुष रंजन (24), श्रेयांश (21), शौर्य (18) और आर्यन (18) ने अहम योगदान देकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। नया गांव की ओर से शिवम दुबे ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 33 रन देकर 5 विकेट झटके और टीम को मैच में बनाए रखने की कोशिश की, जबकि मुकेश ने 2 विकेट, शैलेश और करण ने एक-एक सफलता हासिल की।

247 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नया गांव की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। टीम 25.5 ओवर में 175 रन पर सिमट गई। नया गांव की ओर से मुकेश ने 36 रन बनाकर सबसे ज्यादा योगदान दिया, जबकि छोटू (29) और लक्ष्य (27) ने संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
दीघा की ओर से गेंदबाजी में आर्यन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 रन देकर 4 विकेट झटके, जिसमें लगातार तीन गेंदों पर हैट्रिक भी शामिल रही, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इसके अलावा श्रेयांश ने 2 विकेट लिए, जबकि ओम, कुंदन और सनी ने एक-एक विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आर्यन और शिवम दुबे को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार डॉ. चंदन सर द्वारा प्रदान किया गया। इस जीत के साथ दिघा की टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।






