पटना, 12 अप्रैल। पद्म विभूषण रामविलास पासवान मेमोरियल बिहार प्राइड कप को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन आयोजन समिति ने महिला वर्ग के ट्रायल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया है। पहले यह ट्रायल 15 और 16 अप्रैल को आयोजित होना था, जिसकी नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। इसके साथ ही टूर्नामेंट की शुरुआत भी आगे बढ़ा दी गई है, जो अब 10 मई की जगह 31 मई से आयोजित होगा। यह जानकारी आयोजन सचिव रूपक कुमार ने दी।
इससे पहले आयोजन समिति की बैठक में ट्रायल और टूर्नामेंट से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई थी। प्रारंभिक योजना के अनुसार महिला खिलाड़ियों का ट्रायल नौबतपुर–मसौढ़ी रोड स्थित पंकज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित होना था, जहां बिना किसी शुल्क के खिलाड़ियों को भाग लेने का मौका दिया जाना था। ट्रायल के आधार पर कुल 8 महिला टीमों के गठन की योजना थी, जिनके बीच मुकाबलों का कार्यक्रम बाद में जारी किया जाना था।

वहीं पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों के लिए ट्रायल 22 से 24 अप्रैल के बीच आयोजित किए जाने की योजना यथावत रखी गई है। आयोजन समिति ने यह भी बताया कि टूर्नामेंट के आधिकारिक अनुमोदन के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन को आवेदन के साथ आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दी गई है और जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।






