नालंदा: अंडर-16 यंग टैलेंट क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी, पटना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरवल क्रिकेट क्लब को 85 रनों से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की। कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी ने इस मुकाबले में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया। बल्लेबाजी में सोनू राय और गेंदबाजी में हर्षित राज के दम पर टीम ने एकतरफा जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।
नालंदा के एकंगरसराय स्थित मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में अरवल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन कैम्ब्रिज के बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित करते हुए 37.3 ओवर में 209 रन का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया। टीम की ओर से सोनू कुमार राय ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा पियूष राज ने 38 और अन्य बल्लेबाजों ने उपयोगी योगदान देकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरवल क्रिकेट क्लब की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अतुल विनय शक्ति ने 38 रन और मिशु पंचाल ने 26 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके और पूरी टीम 34 ओवर में 124 रन पर सिमट गई। कैम्ब्रिज की ओर से गेंदबाजी में हर्षित राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में मात्र 24 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच के हीरो साबित हुए। उन्हें आयुष वर्मा ने 3 विकेट लेकर अच्छा साथ दिया। इस तरह कैम्ब्रिज क्रिकेट अकादमी ने हर विभाग में बेहतर खेल दिखाते हुए एकतरफा जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।






