सोनपुर: सोनपुर रेलवे स्टेडियम में चल रही अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला सोमवार को इलेक्ट्रिकल और कार्मिक विभाग के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में इलेक्ट्रिकल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कार्मिक को 47 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इलेक्ट्रिकल टीम की शुरुआत मजबूत रही। कप्तान संतोष प्रकाश और विकास रंजन ने टीम को अच्छी शुरुआत दी। विकास रंजन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 73 रन की तूफानी पारी खेली। संतोष प्रकाश ने 16 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम में फ़ैज़ अली खान ने 11 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। इसके अलावा राकेश शर्मा (24 रन) और राहुल मिश्रा (17 रन) ने भी उपयोगी योगदान दिया। निर्धारित 20 ओवर में इलेक्ट्रिकल टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। कार्मिक की ओर से ब्रजेश ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए।

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्मिक टीम की शुरुआत शानदार रही। राहुल और राज कुमार की सलामी जोड़ी ने तेज बल्लेबाजी करते हुए महज 5 ओवर में 50 रन जोड़ दिए। राहुल ने 21 गेंदों पर 36 रन की आक्रामक पारी खेली, लेकिन रन आउट होने के बाद टीम दबाव में आ गई। राज कुमार ने 20 रन बनाए, जबकि प्रवीण ने 24 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। इसके बावजूद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 19.4 ओवर में 140 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
इलेक्ट्रिकल की ओर से दीपक और राहुल मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट झटके। कप्तान संतोष प्रकाश ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए। संतोष प्रकाश अब तक प्रतियोगिता में 17 विकेट लेकर पर्पल कैप धारक बने हुए हैं।
मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए विकास रंजन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इलेक्ट्रिकल टीम के फाइनल में पहुंचने पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी सोनपुर अभिजात कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण) स्मिता नारायण और वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) शैलेंद्र दुबे ने टीम को बधाई दी है।






