पटना: स्व. बृजनंदन शरण स्मृति करुणा टी20 लीग 2026 का आगाज रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ, जहां करुणा चैंपियन ने हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर करुणा टाइगर को 13 रन से हराकर जीत से टूर्नामेंट की शुरुआत की। वहीं दूसरे मैच में करुणा पैंथर्स ने 8 विकेट से मैच को अपने नाम किया।
पटना के 22 यार्ड क्रिकेट एकेडमी एंड फिजिकल एकेडमी मैदान पर करुणा क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित इस टी20 लीग के पहले मुकाबले में करुणा चैंपियन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 151 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
करुणा चैंपियन की ओर से आयुष राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 59 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा आदित्य टिल्लू ने नाबाद 20 और सन्नी ने नाबाद 16 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 32 रन भी मिले। करुणा टाइगर की ओर से अर्णव कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि यश राज को 2 विकेट मिले।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी करुणा टाइगर की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अंततः टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 138 रन ही बना सकी। टाइगर के ओपनर प्रिंस कुमार ने नाबाद 53 रनों की जुझारू पारी खेली, जबकि राहुल शर्मा ने 14 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में टीम को 43 रन मिले। करुणा चैंपियन की ओर से आस्विक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया। उन्हें आदित्य टिल्लू और शुभम का भी अच्छा साथ मिला। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए आयुष राज को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस मुकाबले का उद्घाटन करुणा एकेडमी की चेयरपर्सन करुणा शरण ने रिबन काटकर किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर अनिमेष शरण और सचिन शरण भी मौजूद रहे।
दूसरा मैच
दिन का दूसरा मैच करुणा वारियर्स बनाम करुणा पैंथर्स के बीच खेला गया। वारियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 123 रन बनाएं। कप्तान आदित्य प्रकाश ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 9 चौके की मदद से 67 गेंदों में 67 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी पैंथर्स ने लक्ष्य को 18.3 ओवर में 8 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। पैंथर्स की ओर से सर्वाधिक 64 रन की नाबाद पारी खेलने वाले कप्तान आरव कुमार चंद्रा प्लेयर आफ द मैच रहे।
संक्षिप्त स्कोर
करुणा वारियर्स: 20 ओवर में 123/6, आदित्य प्रकाश 67, शिवम 13, अतिरिक्त 20, कुमार आयुष प्रजापति 1/18, अक्षय 1/19, आरव कुमार चंद्रा 1/21, सुधांशु 1/23.
करुणा पैंथर्स: 18.3 ओवर में 126/2, आरव कुमार चंद्रा नाबाद 64, संतन नाबाद 20, अतिरिक्त 29, सिद्धांत कुमार 1/7.






