पटना, 5 अप्रैल। पटना जिला के उभरते हुए क्रिकेटर अभिनव सिन्हा का चयन बीसीसीआई के प्रतिष्ठित नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) एलीट कैंप 2026 के लिए हुआ है। अभिनव सिन्हा टीम सी में हैं और इस टीम का कैंप 11 मई से 6 जून 2026 तक अनंतपुर में लगेगा।
पटना से राष्ट्रीय मंच तक का सफर
अभिनव सिन्हा वर्तमान में पटना डिस्ट्रिक्ट अंडर-19 टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और अपने लगातार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। कम उम्र में उनकी यह उपलब्धि पूरे बिहार और विशेष रूप से पटना जिला के लिए गर्व का विषय बन गई है।

अल्फा क्रिकेट अकादमी में निखर रही प्रतिभा
वर्तमान समय अभिनव अपनी क्रिकेट ट्रेनिंग अल्फा क्रिकेट एकेडमी में ले रहे हैं, जहां उन्होंने अपने खेल को तकनीकी रूप से काफी मजबूत किया है। कोचों का मानना है कि उनमें भविष्य में बड़े स्तर पर खेलने की पूरी क्षमता है।
अंडर-16 स्टेट में प्रदर्शन ने दिलाया मौका
पिछले वर्ष अंडर-16 स्टेट क्रिकेट में अभिनव का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था। उन्होंने लगातार रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की जिससे उनका सेलेक्शन बिहार टीम में हुआ और उसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी छाप छोड़ी।
विजय मर्चेंट ट्रॉफी में निरंतरता का प्रदर्शन
बीसीसीआई की प्रतिष्ठित विजय मर्चेंट ट्रॉफी (अंडर-16) में बिहार की ओर से खेलते हुए अभिनव सिन्हा ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 5 मैचों की 9 पारियों में 363 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 89 रन रहा। पूरे टूर्नामेंट में उनका औसत 45.38 और स्ट्राइक रेट 53.07 रहा, जो उनकी स्थिर और जिम्मेदार बल्लेबाजी को दर्शाता है। इस दौरान उन्होंने तीन अर्धशतक भी लगाए और कुल 48 चौके जड़े, जिससे यह साफ होता है कि वे टीम के लिए लगातार रन बनाने वाले भरोसेमंद बल्लेबाज रहे।

ऑलराउंडर के रूप में मजबूत पहचान
अभिनव एक भरोसेमंद ऑलराउंडर हैं, जो ओपनिंग बल्लेबाजी के साथ-साथ मीडियम पेस गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए जाने जाते हैं। उनकी यह बहुमुखी प्रतिभा टीम के संतुलन को मजबूत बनाती है। एनसीए का यह कैंप युवा खिलाड़ियों के लिए भारतीय टीम तक पहुंचने का एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। ऐसे में अभिनव सिन्हा के लिए यह चयन उनके क्रिकेट करियर को नई दिशा और ऊंचाई देने वाला साबित हो सकता है।





