पटना: बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में जेनेक्स क्रिकेट अकादमी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए ईशान किशन क्रिकेट अकादमी ‘बी’ को 225 रनों से करारी शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। प्रिंस यादव को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जेनेक्स क्रिकेट अकादमी ने 40 ओवर में 267 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमित कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों पर 103 रनों की बेहतरीन शतकीय पारी खेली, जिसमें 21 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा प्रिंस यादव ने 44 रन और शिपु ने 23 रन का योगदान दिया।

268 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईशान किशन क्रिकेट अकादमी ‘बी’ की टीम जेनेक्स के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और महज 12.3 ओवर में 42 रनों पर सिमट गई। जेनेक्स की ओर से कप्तान प्रियांशु जे.एस. ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके, जबकि प्रिंस यादव ने किफायती गेंदबाजी के साथ 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा अंश राज और गौरव राज ने भी एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम को पूरी तरह दबाव में रखा। इस शानदार जीत के साथ जेनेक्स क्रिकेट अकादमी ने टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया है और टीम का मनोबल काफी ऊंचा है।






