पटना, 31 मार्च 2026: आगामी 30वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बालक-बालिका बेसबॉल चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी कड़ी में बेसबॉल संघ बिहार द्वारा सारण जिले के सोनपुर स्थित डाकबंगला मैदान में चयन ट्रायल का सफल आयोजन किया गया।
यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप 24 से 29 मई 2026 तक ओडिशा के KIIT विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर में आयोजित होनी है, जिसमें भाग लेने के लिए बिहार की मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में यह ट्रायल अहम कदम माना जा रहा है। ट्रायल शुरू होने से पहले सहायक सचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष रूपक कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी विष्णु कुमार तथा सारण जिला के सदस्य गोल्डी, अविनाश, शिवम, अंकित और चंदन उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

इस चयन ट्रायल में राज्यभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। संघ के सचिव मधु शर्मा ने बताया कि ट्रायल के आधार पर 25 बालक एवं 25 बालिका खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को आगे प्रशिक्षण शिविर के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम टीम की घोषणा की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी आदित्य कुमार, राष्ट्रीय खिलाड़ी संजीत कुमार और उमंग कुमार सिंह चयनकर्ता के रूप में मौजूद रहे। पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया, जिसमें सहायक सचिव प्रमोद कुमार और राष्ट्रीय खिलाड़ी मोनू कुमार की अहम भूमिका रही।
संघ के अध्यक्ष दिलजीत खन्ना ने जानकारी देते हुए बताया कि बिहार बेसबॉल टीम को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा रहा है और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह चयन ट्रायल बिहार में बेसबॉल खेल के बढ़ते स्तर और युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।





