पटना: बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में BCCA जूनियर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इमर्जिंग प्लेयर्स क्रिकेट अकादमी को 7 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। कार्तिक राज को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इमर्जिंग प्लेयर्स क्रिकेट अकादमी की टीम 24.4 ओवर में 120 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से पीयूष राज ने 37 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि आयुष दीप ने 16 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 41 रन मिले, जो स्कोर को सम्मानजनक स्तर तक पहुंचाने में अहम साबित हुए। BCCA जूनियर्स की ओर से गेंदबाजी में कार्तिक राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। वहीं हर्ष राज यादव, इरफान आलम और आयुष ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को दबाव में रखा।

121 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी BCCA जूनियर्स की टीम ने 28.2 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत के हीरो आकाश यादव रहे, जिन्होंने नाबाद 55 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। उनके अलावा विवान ने नाबाद 18 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया। इमर्जिंग प्लेयर्स की ओर से विवेक सिंह ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए, जबकि अभिराज को 1 सफलता मिली, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके। इस जीत के साथ BCCA जूनियर्स ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ा है।





