पटना: राजधानी पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास मैदान) में TheGamePlanCo के तत्वावधान में स्वर्गीय अरुण सिंह की स्मृति में आयोजित यूनिटी कप अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के नौवें मुकाबले में फेयरलेस फैल्कन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोनेट क्रिकेट क्लब को 41 रनों से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर सोनेट क्रिकेट क्लब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन फेयरलेस फैल्कन के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य कुमार ने 37 गेंदों पर 65 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें कई आकर्षक शॉट्स शामिल रहे। वहीं राज आर्यन ने 31 रन और आशीष ने 21 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। सोनेट क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में राजा गणेश ने 2 विकेट झटके, जबकि विवेक सिंह और आशीष कुमार को 1-1 विकेट मिला।

168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सोनेट क्रिकेट क्लब की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 18.3 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अनुराग ठाकुर ने 20 गेंदों पर 31 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि मिथुन यादव (18 रन) और आशीष (17 रन) ने भी योगदान दिया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
फेयरलेस फैल्कन की ओर से गेंदबाजी में आलोक कुमार यादव ने घातक प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 रन देकर 4 विकेट झटके और मैच का रुख पूरी तरह अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। उनके अलावा विशेष सुनील गोस्वामी ने 3 विकेट और दीप्तांशु ने 2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए आलोक कुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।




