नालंदा। बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी (मगध जोन) के पांचवें मुकाबले में नवादा की टीम ने रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए गया को 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला 19 मार्च 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेला गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया की टीम 39.3 ओवर में 176 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अभिषेक ने 52 रन की अहम पारी खेली, जबकि नितीश ने 32 रन, यशराज ने 23 रन, प्रीतम ने 14 रन और राहुल ने 11 रन का योगदान दिया।नवादा की ओर से गेंदबाजी में आदर्श ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 रन देकर 5 विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। इसके अलावा अर्णव ने 2 विकेट, जबकि दीपक और सुमन ने 1-1 विकेट हासिल किए।

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवादा की टीम को गया के गेंदबाजों ने कड़ी टक्कर दी, जिससे मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहा। नवादा ने 37 ओवर में 9 विकेट खोकर 180 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। नवादा की ओर से आदर्श ने नाबाद 51 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। वहीं सूरज ने 41 रन, आदित्य ने 27 रन और सुमन ने 16 रन का योगदान दिया। गया की ओर से गेंदबाजी में मयंक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 34 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि रंजन ने 3 विकेट और प्रीतम ने 1 विकेट हासिल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए नवादा के आदर्श को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस मौके पर क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुकाबले में बीसीए पैनल के अंपायर सुनील सिंह और नितेश कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 20 मार्च 2026 को नालंदा और गया के बीच खेला जाएगा।




