पटना। बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत खेले जा रहे बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नालंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दरभंगा को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। यह मुकाबला 8 मार्च को मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेला गया।
मैच में नालंदा के कप्तान नमन गौरव ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दरभंगा की टीम ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 243 रन बनाए। टीम की ओर से अयुष लोहारूका ने 61 रन, मयंक ने नाबाद 56 रन और त्रिपुरारी केशव ने 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा अनुराग ने 26 और अल्तामिस ने 13 रन का योगदान दिया। नालंदा की ओर से गेंदबाजी में आदित्य राज और मनीष राज ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं सुमन सौरभ, कुंदन और आकाश राज को एक-एक सफलता मिली।

नमन गौरव की पारी से जीता नालंदा
244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नालंदा की टीम ने कप्तान नमन गौरव की शानदार 97 रनों की पारी की बदौलत 43 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नमन गौरव के अलावा कुंदन ने 43 रन, अंकित राज ने 41 रन, खुश कुमार ने नाबाद 21 रन और अर्णव किशोर ने 11 रन का योगदान दिया। दरभंगा की ओर से मणिकांत ने दो विकेट लिए, जबकि मयंक, अल्तामिस और मनीष को एक-एक विकेट मिला। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नालंदा के कप्तान नमन गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस मौके पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर व नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी तथा नालंदा सीनियर टीम के कोच संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, टीम मैनेजर सिद्धार्थ आनंद, मीडिया प्रभारी संतोष पांडेय और डॉ. संजय समेत कई लोग मौजूद थे।
नालंदा का सेमीफाइनल मुकाबला 13 मार्च को बेगूसराय और भागलपुर के बीच होने वाले मैच के विजेता से मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेला जाएगा।




