नालंदा: बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के अंतर्गत आयोजित बीसीए सीनियर मेंस वन डे ट्रॉफी (मगध जोन) का खिताब नालंदा जिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने नाम कर लिया। शनिवार, 28 फरवरी 2026 को एसएससीसी खेल मैदान, पावापुरी में खेले गए छठे एवं अंतिम मुकाबले में नालंदा ने गया को 71 रनों से पराजित कर लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। नालंदा ने पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बीसीए सीनियर मेंस वन डे ट्रॉफी 2025-26 मगध जोन का खिताब जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखी।
मुकाबले में गया की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नालंदा की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 256 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अंकित राज ने शानदार 62 रनों की पारी खेली, जबकि कुश ने 56 रन और राजामनी ने 39 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा मनीष ने 28, लव ने 13 तथा कुंदन ने 10 रन बनाए। गया की ओर से गेंदबाजी में निक्कू और प्रीतम ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि सागर और मुकेश को एक-एक सफलता मिली।

185 रनों पर सिमटी गया की टीम
257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गया की टीम नालंदा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 23.5 ओवर में 185 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गया की ओर से सय्यद मोहम्मद शैफ ने सर्वाधिक 59 रन बनाए, जबकि मंगल ने 37, राजन ने 24, यशराज ने 20 और निक्कू ने 19 रनों का योगदान दिया।
नालंदा की ओर से गेंदबाजी में आदित्य राज और राजामनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं सुमन सौरभ ने दो विकेट तथा अंकित राज ने एक विकेट हासिल किया। बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए नालंदा के अंकित राज को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर सह नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुकाबले में अंपायरिंग की जिम्मेदारी बीसीए पैनल अंपायर राजीव कुमार एवं नीरज कुमार ने निभाई, जबकि बीसीए ऑब्जर्वर के रूप में केशव कुमार मौजूद रहे।




