पटना: मीठापुर क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित “दयानंद सिंह स्मृति” राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे संस्करण का ट्रायल शाखा मैदान, राजेंद्र नगर, पटना में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ट्रायल में बिहार के विभिन्न जिलों से लगभग 250 प्रतिभावान महिला क्रिकेट खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
ट्रायल का उद्घाटन मुख्य संरक्षक डॉ. अभिषेक कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन राज्य की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी एवं फील्डिंग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
पारदर्शी तरीके से हुआ खिलाड़ियों का चयन
खिलाड़ियों के चयन हेतु गठित चयन समिति में सुशील कुमार सिन्हा, राम भगत एवं दिलीप कुमार शामिल रहे। चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों का मूल्यांकन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किया गया।
जगजीवन स्टेडियम में होगा टूर्नामेंट
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट का आयोजन स्थानीय जगजीवन स्टेडियम में किया जाएगा, जिसमें कुल छह टीमें भाग लेंगी। सभी खिलाड़ियों को रंगीन खेल पोशाक आयोजन समिति की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं पटना से बाहर से आने वाली खिलाड़ियों के लिए आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण चौधरी, उपाध्यक्ष रिंकू गुप्ता, सचिव रणजीत सिंह, सहसचिव एवं मीडिया प्रभारी पूजा ऋतुराज, संयोजक रजनीकांत तथा विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

अनुशासन पर रहेगा विशेष ध्यान
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन एवं खेल भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। किसी भी खिलाड़ी के लिए बाहरी हस्तक्षेप अयोग्यता की श्रेणी में माना जाएगा। टूर्नामेंट को Patna District Cricket Association (PDCA) से मान्यता प्राप्त हो चुकी है, जबकि Bihar Cricket Association (BCA) से अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है।
इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य बिहार की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को एक सशक्त, सुरक्षित एवं पेशेवर मंच प्रदान करना है, जिससे वे भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। विशेष जानकारी के लिए इच्छुक खिलाड़ी सुनील दत्त (मो. 8581968911) से संपर्क कर सकते हैं।




