बिहारशरीफ: नालंदा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित नालंदा जिला सीनियर ए डिवीजन क्रिकेट लीग में शुक्रवार को क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब (नूरसराय) ने लिटिल स्टार क्लब (बिहारशरीफ) को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (मैन ऑफ द मैच) का पुरस्कार क्रांतिकारी क्लब के ऑलराउंडर मोहित कुमार को उनके शानदार प्रदर्शन (4 विकेट और 50 रन) के लिए दिया गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लिटिल स्टार क्लब की पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से शशि रंजन ने सर्वाधिक 56 रन बनाए, जबकि विनीत ने 27, श्याम ने 15 और कृष ने 11 रनों का योगदान दिया। क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की ओर से मोहित ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि लकी ने 3 विकेट अपने नाम किए।

147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रांतिकारी क्रिकेट क्लब की टीम ने 5 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की जीत में मोहित ने 50 रनों की अहम पारी खेली, लकी ने 30 रन और रोहित ने 21 रनों का योगदान दिया। लिटिल स्टार क्लब की ओर से समीर ने 4 विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
इस अवसर पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर सह संघ के पूर्व पदाधिकारी संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, डॉ. संजय, संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, अंकित राज, विकास, मयूरेश्वर, विश्वजीत कुमार और अभिषेक कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सीनियर अंपायर परवेज़ मुस्तफा पप्पू और मनीष कुमार ने निभाई।




