पटना: ऊर्जा स्टेडियम, पटना में खेले गए कॉपरेट स्ट्राइकर लीग (CSL 2026) के फाइनल मुकाबले में विकेटकीपर-बल्लेबाज़ गुलशन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत कैड टाइटंस ने पटना प्रीडेटर्स को 6 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में गुलशन का प्रदर्शन जीत का सबसे बड़ा आधार साबित हुआ।
मैच में कैड टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पटना प्रीडेटर्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 142 रन ही बना सकी। प्रीडेटर्स की ओर से राजनीश ने 40 रन और कुमार सौरभ ने 29 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अंत में आदित्य ने नाबाद 17 रन जोड़कर स्कोर को सम्मानजनक बनाया।
कैड टाइटंस की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप कुमार सहाय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3.4 ओवर में 34 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा विवेकानंद ने 2 विकेट और हिमांशु शेखर ने 1 विकेट लेकर पटना प्रीडेटर्स की रन गति पर लगाम लगाई।
गुलशन की पारी ने दिलाया खिताब
143 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैड टाइटंस की शुरुआत सधी हुई रही, लेकिन असली मजबूती एक छोर से गुलशन ने दी। विकेट के पीछे भी मुस्तैदी दिखाने वाले गुलशन ने बल्लेबाजी में भी कमाल करते हुए 56 गेंदों पर 66 रन की शानदार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 9 चौके जड़े और पूरे आत्मविश्वास के साथ रनचेज को संभाले रखा।

गुलशन को दूसरे छोर से पंकज रॉय का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 38 गेंदों पर 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत में कैड टाइटंस ने 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर 146 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पटना प्रीडेटर्स की ओर से गेंदबाजी में कुलदीप कुमार सहाय ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन गुलशन और पंकज की साझेदारी के सामने टीम जीत से दूर रह गई।
फाइनल के हीरो बने गुलशन
फाइनल मुकाबले में गुलशन का संयम, तकनीक और मैच को अंत तक ले जाने की क्षमता दर्शकों के बीच चर्चा का विषय रही। विकेटकीपर-बल्लेबाज़ के रूप में उन्होंने हर विभाग में योगदान देकर यह साबित किया कि बड़े मुकाबलों के खिलाड़ी कैसे दबाव में भी टीम को जीत तक पहुँचाते हैं। मैच के बाद दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों ने गुलशन की पारी को CSL 2026 फाइनल का टर्निंग पॉइंट करार दिया।




