पटना: पटना के पिटवांस क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी ने पटना वेटरंस को अंतिम क्षणों में 1 विकेट से शिकस्त देकर मैच अपने नाम कर लिया। यह मुकाबला आखिरी ओवर तक दर्शकों को बांधे रखने वाला रहा, जिसकी सबसे बड़ी वजह रही दिव्यांग खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार का प्रेरणादायक और मैच जिताऊ प्रदर्शन।
मैच में पटना वेटरंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पटना वेटरंस की टीम 30 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अजय कुमार ने 25 रन, अलोक कुमार ने 24 रन और निलेश ने 19 रन का योगदान दिया, जबकि अतिरिक्त रनों के रूप में टीम को 44 रन मिले।
खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में सनी कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा नीरज कुमार ने 2 विकेट, जबकि जयकी यादवांशि और डीके ने 1-1 विकेट लेकर पटना वेटरंस की रन गति पर अंकुश लगाया।

धर्मेंद्र कुमार की जुझारू पारी से जीती KTCA
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी (KTCA) की टीम एक समय दबाव में नजर आ रही थी, लेकिन एक छोर से कप्तान धर्मेंद्र कुमार ने संयम और धैर्य के साथ पारी को संभाले रखा। उन्होंने 80 गेंदों पर नाबाद 51 रन की बेहद जुझारू और जिम्मेदार पारी खेली, जिसने मुकाबले का रुख पूरी तरह पलट दिया। उनके अलावा रवि कुमार ने 23 रन और पार्थ ने 14 रन का अहम योगदान दिया। खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 29.3 ओवर में 9 विकेट खोकर 156 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया।
पटना वेटरंस की ओर से गेंदबाजी में अलोक कुमार और अंशु सिंह ने 2-2 विकेट झटके, जबकि कन्हा ने भी 2 विकेट लेकर मैच को रोमांचक बनाए रखा, लेकिन अंतिम क्षणों में खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी ने धैर्य दिखाते हुए जीत हासिल कर ली।
प्रेरणा बने दिव्यांग खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार
इस मुकाबले की सबसे खास बात रही दिव्यांग खिलाड़ी धर्मेंद्र कुमार का प्रदर्शन। आम खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए जिस आत्मविश्वास, तकनीक और मानसिक मजबूती के साथ उन्होंने खेल दिखाया, वह मैदान पर मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया। उनका यह प्रदर्शन यह संदेश देता है कि अगर जज़्बा मजबूत हो, तो कोई भी शारीरिक सीमा प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती।





