जहानाबाद: जहानाबाद जिला क्रिकेट संघ के तत्वाधान में आयोजित जूनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग (सत्र 2025–26) का खिताब IICP क्रिकेट क्लब ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में IICP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Rising Cricket Club को एकतरफा मुकाबले में पराजित किया।
फाइनल मैच में IICP क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए IICP की पूरी टीम 35 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 164 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सागर ने 40 रन, राजू ने 24 रन, जबकि कप्तान सुमित कुमार बजरंगी ने 22 रन और सुबोध कुमार ने 21 रन का अहम योगदान दिया। Rising Cricket Club की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए प्रिंस ने 3 विकेट झटके, वहीं राज कमल, अंकुल और आयुष रंजन ने 2-2 विकेट हासिल किए।
IICP की घातक गेंदबाजी ने दिलाई खिताबी जीत
165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Rising Cricket Club की टीम IICP की सधी हुई गेंदबाजी और शानदार फील्डिंग के सामने पूरी तरह बिखर गई और 21.3 ओवरों में सभी विकेट खोकर मात्र 85 रन ही बना सकी। Rising की ओर से कप्तान अंकुल कुमार 39 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि प्रिंस ने 18 रन का योगदान दिया।

IICP की ओर से कप्तान सुमित कुमार बजरंगी ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में मात्र 10 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उनके अलावा राजू कुमार, आशुतोष और प्रियांशु ने भी 2-2 विकेट लेकर Rising की कमर तोड़ दी। मैच के दौरान IICP के खिलाड़ियों ने शानदार फील्डिंग का भी प्रदर्शन किया, जिसने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और अंततः IICP क्रिकेट क्लब को जूनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग 2025–26 का चैंपियन बना दिया।
पुरस्कार विजेता
मैन ऑफ द सीरीज: अंकुल कुमार (Rising Cricket Club)
बेस्ट बल्लेबाज: अंकुल कुमार (Rising Cricket Club)
बेस्ट गेंदबाज: राजू कुमार (IICP क्रिकेट क्लब)
फाइनल मैन ऑफ द मैच: सुमित कुमार बजरंगी (IICP क्रिकेट क्लब)
फाइनल मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार जहानाबाद जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आलोक राज द्वारा सुमित कुमार बजरंगी को उनके शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।





