KRIDA NEWS

तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट पर आदित्य वर्मा की मांग, निगरानी विभाग से हो आगे की जांच

पटना: बिहार क्रिकेट संघ (बीसीए) के खिलाफ दर्ज मामलों को लेकर एक अहम कदम उठाया गया है। बिहार के डीजीपी के आदेश पर पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय प्रक्षेत्र, पटना द्वारा सिटी एसपी (पश्चिमी) के नेतृत्व में गठित त्रिसदस्यीय जांच समिति ने बीसीए से जुड़ी दो एफआईआर में फिर से जांच (पुनः अनुसंधान) की अनुशंसा की है। यह समिति आदित्य वर्मा के आवेदन पर गठित की गई थी।

जांच समिति ने पाया कि बिहार क्रिकेट संघ के खिलाफ दर्ज तीन मामलों में से दो मामलों की जांच ठीक से नहीं की गई है। इनमें पहला मामला कोतवाली थाना कांड संख्या 49/23 से जुड़ा है, जिसमें आरोप है कि बाहरी राज्यों के खिलाड़ियों से मोटी रकम लेकर उन्हें फर्जी या गलत पते पर बने डोमिसाइल प्रमाण पत्र के जरिए “बिहारी खिलाड़ी” दिखाकर बीसीसीआई के मैचों में खिलाया गया।

इस मामले में पैसों के लेन-देन से जुड़ा एक ऑडियो भी पेन ड्राइव में दिया गया था, लेकिन जांच के दौरान उसकी पड़ताल नहीं की गई। समिति ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए दोबारा जांच की सिफारिश की है। इस कांड में राकेश कुमार तिवारी, दिलीप सिंह, सिद्धार्थ राज सिन्हा, विष्णु शंकर, अनंत प्रकाश सहित कुल आठ लोगों के खिलाफ फिर से जांच करने की बात कही गई है।

दूसरा मामला एसके पुरी थाना कांड संख्या 337/24 से संबंधित है। यह मामला बीसीए के कोषाध्यक्ष की मृत्यु के बाद बैंक खातों से रुपये की निकासी और ट्रांसफर से जुड़ा है। आरोप है कि नए कोषाध्यक्ष की नियुक्ति के बाद भी मृत कोषाध्यक्ष के हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर बैंक से बड़ी रकम ट्रांसफर की गई और एक लाख रुपये नकद निकाले गए। समिति ने इस मामले की जांच में कई गंभीर कमियां पाईं और इसे भी दोबारा जांच के योग्य बताया है। इस कांड में बैंक अधिकारियों, राकेश कुमार तिवारी और लेखापाल मनीष कुमार के खिलाफ पुनः अनुसंधान की सिफारिश की गई है।

इस मामले को लेकर आदित्य वर्मा ने क्या कहा?

इस पूरे मामले पर जारी बयान में आदित्य वर्मा ने कहा है कि दोनों मामलों के मुख्य आरोपी राकेश कुमार तिवारी हैं, जो भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष भी हैं। उन्होंने इस वजह से देश के माननीय गृह मंत्री, बिहार के गृह मंत्री और बिहार के पुलिस महानिदेशक से इन मामलों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। यह मामला अब एक बार फिर चर्चा में आ गया है और जांच दोबारा शुरू होने की सिफारिश के बाद बीसीए की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Read More

भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम का दबदबा, थाईलैंड को 3-0 से हराकर श्रृंखला पर कब्जा

पट्टाया/बैंकॉक (थाईलैंड)। भारतीय बॉल बैडमिंटन टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए थाईलैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की श्रृंखला में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 3-0 से क्लीन स्वीप कर शानदार जीत दर्ज की। यह श्रृंखला बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ एशिया के तत्वावधान में तथा बॉल बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ थाईलैंड के आयोजन में पट्टाया और बैंकॉक में खेली गई।

पुरुष-महिला वर्ग में भारत का एकतरफा प्रदर्शन

भारतीय पुरुष टीम ने पहले मैच में थाईलैंड को 35-15, 35-12 से हराकर जीत की शुरुआत की। दूसरे मैच में भी भारत ने 35-12, 35-13 से जीत दर्ज की। वहीं तीसरे और अंतिम मुकाबले में 35-21, 35-23 से जीत हासिल कर श्रृंखला अपने नाम कर ली। महिला वर्ग में भी भारतीय टीम का दबदबा देखने को मिला। पहले मैच में भारत ने 35-12, 35-14 से जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मैच में 35-14, 35-10 से मुकाबला अपने नाम किया। तीसरे मैच में 35-19, 35-21 से जीत हासिल कर महिला टीम ने भी 3-0 से श्रृंखला पर कब्जा जमाया।

भारतीय महिला टीम के प्रशिक्षक गौरी शंकर ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने खेल के हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया और पूरी तरह विपक्षी टीम पर हावी रहे। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय पुरुष और महिला टीम वर्तमान में विश्व की सर्वश्रेष्ठ टीमों में शुमार हैं।

पुरुष वर्ग में कप्तान सुमित शर्मा, सुदीप श्रीनिवास, सुदीप एस., जूरेड रवि, अजीत कुमार और के. नागा बाबू ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं महिला वर्ग में कप्तान शक्ति एस., आरती कुमारी, वी. नागा माधवी, दीपशिखा साहू, तनु चंद्रवंशी, लोकेश्वरी और श्रीलेखा ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

लगातार सफलता का सिलसिला जारी

भारतीय टीम ने हाल के वर्षों में नेपाल, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड जैसे देशों के खिलाफ द्विपक्षीय श्रृंखलाओं में भी लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप किया है। पटना में आयोजित साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन गेम्स में भी टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा था।

श्रृंखला जीत पर भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के चेयरमैन सह मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. नवल किशोर यादव, उपाध्यक्ष तोम्बा सिंह, राष्ट्रीय महासचिव वाई. राजा राव, महासंघ के राष्ट्रीय सलाहकार श्रीनिवास राव, संयुक्त सचिव शौकत अली मंसूरी, कौशल दीक्षित, बासित खान, सुनील कुमार, अतुल इंगोले, डीएस.गोसावी, चेयरमैन चयन समिति वीरभद्र राव, टूर कोर्डिनेटर रंजन गुप्ता, राष्ट्रीय चेयरमैन टूर्नामेंट कमेटी नरेश चंद्राकर सहित कई पदाधिकारियों ने टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Read More

बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी: गया की दमदार जीत, शेखपुरा को 57 रन से हराया

नालंदा। बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी (मगध जोन) के तीसरे मुकाबले में गया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शेखपुरा को 57 रनों से हरा दिया। मुकाबला 17 मार्च 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेला गया, जहां गया ने हर विभाग में बेहतर खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 279 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रीतम राज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 87 रन बनाए। उनके अलावा उज्ज्वल ने 52 रन, यशराज ने 49 रन और राजन ने 42 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे टीम बड़े स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। शेखपुरा की ओर से गेंदबाजी में कन्हैया और सूरज ने 2-2 विकेट झटके, जबकि मोहम्मद सत्तार और गगन को 1-1 विकेट मिला, लेकिन गेंदबाज रन गति पर नियंत्रण नहीं रख सके।

280 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेखपुरा की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन जीत से दूर रह गई। पूरी टीम 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी। टीम की ओर से सचिन और रिक्की ने 47-47 रन की उपयोगी पारियां खेलीं, जबकि रोहित ने नाबाद 33 रन, आदित्य ने 31 रन का योगदान दिया। इसके बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।

गया की ओर से गेंदबाजी में प्रीतम राज ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 37 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं अभिषेक और यशराज ने 2-2 विकेट लेकर शेखपुरा की पारी को रोकने में अहम भूमिका निभाई। मैच के शानदार प्रदर्शन के लिए प्रीतम राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। मुकाबले में बीसीए पैनल के अंपायर सुनील सिंह और नितेश कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 18 मार्च 2026 को नालंदा और शेखपुरा के बीच खेला जाएगा।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: पेसू और शर्मा स्पोर्टिंग की रोमांचक जीत, पीयूष कुमार सिंह का शानदार शतक

पटना, 17 मार्च। पटना जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में पेसू और शर्मा स्पोर्टिंग की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। ऊर्जा स्टेडियम में खेले गए मैच में पेसू ने आरबीएनवाईएसी को 4 विकेट से हराया, जबकि फतेहपुर स्थित जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर हुए दूसरे मुकाबले में शर्मा स्पोर्टिंग ने पीएसी को रोमांचक मुकाबले में 2 विकेट से पराजित किया।

पीयूष कुमार सिंह का शतक

स्थानीय ऊर्जा स्टेडियम में खेले गए पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग मुकाबले में पेसू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरबीएनवाईएसी को 4 विकेट से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरबीएनवाईएसी की टीम ने 37.4 ओवर में 237 रन बनाए, जिसके जवाब में पेसू ने 39.2 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विजेता टीम की ओर मैच ऑफ द मैच पीयूष कुमार सिंह ने शतकीय पारी खेली

श्लोक कुमार की अर्धशतकीय पारी से मजबूत हुआ स्कोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरबीएनवाईएसी की शुरुआत सामान्य रही। टीम के लिए श्लोक कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 65 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा रौनित ने 55 गेंदों में 42 रन और हर्ष राज राज ने 35 गेंदों में 41 रन का योगदान दिया।

सिद्धांत विजय ने भी 28 रन बनाए, जबकि नंद राज किशोर ने 22 रन जोड़े। इन पारियों की मदद से आरबीएनवाईएसी की टीम 37.4 ओवर में 237 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। पेसू की ओर से गेंदबाजी में हर्ष राज और पवन कुमार कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। वहीं अभिजीत साकेत ने दो विकेट अपने नाम किए।

पीयूष कुमार सिंह के शतक से पेसू की जीत

पेसू की टीम की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई, लेकिन बाद में पीयूष कुमार सिंह ने शानदार शतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी। पीयूष ने 86 गेंदों में 109 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा बाबुल कुमार ने 51 गेंदों में 53 रन की उपयोगी पारी खेली। पवन कुमार ने 25 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि कप्तान निखिलेश रंजन 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पंकज कुमार ने 15 रन का योगदान किया। पेसू ने 39.2 ओवर में 6 विकेट खोकर 242 रन बनाते हुए मैच 4 विकेट से अपने नाम कर लिया।आरबीएनवाईएसी की ओर से मनमोहन ने 2 विकेट लिए, जबकि सिद्धांत विजय, रुपेश कुमार और उत्कर्ष कुमार को एक-एक सफलता मिली।

शर्मा स्पोर्टिंग की रोमांचक जीत

जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर खेले गए मैच में शर्मा स्पोर्टिंग ने पीएसी को 2 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएसी की टीम ने 35 ओवर में 9 विकेट पर 150 रन बनाए। टीम की ओर से ध्रुव कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंदों में 92 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा कप्तान अनुप कुमार ने 15 और सचिन कुमार ने 11 रन का योगदान दिया। शर्मा स्पोर्टिंग की ओर से गेंदबाजी में कप्तान अनिश कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट झटके। आर्यन राज ने 2 विकेट और आदित्य ने 2 विकेट लेकर टीम को सफलता दिलाई।

151 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की शुरुआत तेज रही। आदित्य कुमार राय ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 31 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 1 छक्का शामिल था। इसके अलावा कप्तान अनिश कुमार ने 20 गेंदों में 31 रन और चंद्र मणि पटेल ने 15 गेंदों में 27 रनों की उपयोगी पारी खेली।

हालांकि बीच में कुछ विकेट जल्दी-जल्दी गिरे, लेकिन अंत में दिलखुश यादव और गौरवकुमार ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाकर 2 विकेट से जीत दिला दी। पीएसी की ओर से गेंदबाजी में रवि कुमार और ध्रुव कुमार ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि कृत साहनी ने दो विकेट झटके, लेकिन टीम को जीत दिलाने में यह प्रयास नाकाफी साबित हुआ।

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: अनुराग और रणवीर के तूफान में उड़ी बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ‘बी’ टीम, YCC की 191 रन से बड़ी जीत

पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में YCC क्रिकेट एकेडमी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ‘बी’ टीम को 191 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। मैच में YCC के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने पूरी तरह दबदबा बनाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए YCC क्रिकेट एकेडमी ने निर्धारित 40 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर विशाल 326 रन बनाए। टीम की ओर से रणवीर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 91 गेंदों पर 102 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

वहीं कप्तान अनुराग राणा ने ताबड़तोड़ अंदाज में 44 गेंदों पर नाबाद 96 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके अलावा अवधेंद्र कुमार ने 41 रन और सूरज ने नाबाद 37 रनों का अहम योगदान दिया। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी ‘बी’ टीम की ओर से गेंदबाजी में ऋषभ राज तिवारी, शिवम, गौरव कुमार, सागर सिंह और अवधेंद्र कुमार को 1-1 विकेट मिला, लेकिन गेंदबाज YCC के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो सके।

327 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीसीए ‘बी’ टीम की शुरुआत खराब रही और टीम लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अवधेंद्र कुमार ने 41 रन और आदित्य कुमार ने 29 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन पूरी टीम 20.1 ओवर में 135 रन पर सिमट गई। YCC क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में कप्तान अनुराग राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं सचिन कुमार ने 2 विकेट और सूरज, रोहित कुमार व रुद्र नारायण ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत को आसान बना दिया। इस तरह YCC क्रिकेट एकेडमी ने हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को पूरी तरह अपने नाम किया और टूर्नामेंट में दमदार जीत दर्ज की।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.