पटना:अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में पटना के पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में चल रहे बिहार राज्य महिला फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में आज आठवें चक्र की समाप्ति के बाद साढ़े सात अंको के साथ मुजफ्फरपुर की मरियम फातिमा अकेले शीर्ष पर चल रही हैं। वहीं साढ़े छह अंको के साथ पटना की नेहा सिंह अकेले दूसरे स्थान पर चल रही हैं।
साढ़े पांच अंको के साथ आज सुबह मुकाबलों की शुरुआत करनेवाली दोनों शीर्ष खिलाड़ियों मरियम फातिमा एवं नेहा सिंह ने अपने अपने मुकाबले जीत साढ़े छह अंको के साथ आठवें चक्र में प्रवेश किया। सुबह खेले गए सातवें चक्र के मुकाबले में मरियम ने शालिनी को जबकि नेहा ने अदीबा उल्लाह को पराजित कर दिन की शुरुआत की। दोनों शीर्ष खिलाड़ियों ने आठवें चक्र में भी अपनी बढ़त को बनाये रखने हेतु खेल की शुरुआत की।
बोर्ड नम्बर एक पर सफेद मोहरों से खेल रही मरियम ने भोजपुर की अर्पिता सिंह के खिलाफ कैटलन ओपनिंग से खेल की शुरुआत की। अनुभवी मरियम ने सधे हुए खेल से दस-ग्यारह चालों के बाद ही खेल पर अपनी पकड़ बनानी शुरू कर दी थी लेकिन 14वें चाल में बी खाने के प्यादे को चलकर अर्पिता ने एक बड़ी भूल कर दी और अपना एक मोहरा उन्हे गंवाना पड़ा।
इस गलती के बाद मरियम ने अर्पिता को संभलने का मौका नही दिया और अंततः 41वें चाल में अर्पिता ने हार कबूल कर ली। दूसरे बोर्ड पर गयाजी की कोमल सिंह मुस्कान के विरुद्ध खेल रही नेहा सिंह को मोबाइल बजने के कारण निर्णायक ने हार करार दे दिया।
तीसरे बोर्ड पर पटना की अदीबा उल्लाह ने वैशाली की रश्मि प्रिया को एक मैराथन पारी में शिकस्त देकर बिहार टीम में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। कल प्रतियोगिता का अंतिम चक्र खेला जाएगा। अब तक कि स्थितियों को देखकर ओरण अंको से बढ़त बनाने वाली मरियम फातिमा का विजेता बनना काफी हद तक तय माना जा रहा है।
आज आठवें चक्र में खेले गए मुकाबलों के मुख्य परिणाम इस तरह रहे:
1. मरियम फातिमा 7½ ने अर्पिता सिंह 5 को
2. कोमल सिंह मुस्कान 6 ने नेहा सिंह 6½ को
3. अदीबा उल्लाह 6 ने रश्मी प्रिया 4½ को
4. अनिका यादव 5½ ने प्रशंसा कुमारी 4½ को
5. अंकिता राज 5½ ने धान्वी कर्माकर 4½ को
6. शालिनी श्रीवास्तव 5½ ने प्रगति सिन्हा 4 को
7. नूपुर आनंद 5 ने कीर्ति सिन्हा 4 को
8. कुमारी प्रेरणा 5 ने वैभवी वाणी 4 को
9. आरोही सागर 5 ने नव्या गोयनका 4 को एवं
10. मनीषा यादव 5 ने सरस्वती सक्सैना 4 को पराजित किया।