KRIDA NEWS

KridaNews - Header
Breaking
🏏IPL 2026: MI vs CSK — बड़ा मुकाबला आज रात 7:30 बजे ◆ 🏆Neeraj Chopra ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया ◆ 🏏Pro Kabaddi: Patna Pirates ने Bengaluru Bulls को हराया
KridaNews
India's Sports Voice
◆
खेल की दुनिया से सीधा आपके पास
SCORE
IND vs AUS 245/6 (45.3 ov) Live
|
MI vs CSK आज 7:30 PM Upcoming
|
LSG 172/4 (20.0) 1st Inn
|
RCB vs KKR कल 3:30 PM Tomorrow
|
Patna FC vs Sikkim XI 3 - 1 FT

डॉ परमेश्वर दयाल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में सीएबी की दोनों टीमें जीतीं

पटना, 7 अक्टूबर। मेजबान क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (सीएबी) के खिलाड़ियों का डॉ परमेश्वर दयाल मेमोरियल अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत सोमवार यानी 7 अक्टूबर को खेले गए मैचों में जलवा रहा। इस एकेडमी ने दोनों टीमों रेड एंड ब्लू ने जीत हासिल की। रेड ने करुणा क्रिकेट एडेडमी ए को 107 रन और ब्लू टीम ने करुणा क्रिकेट एकेडमी बी को 98 रन से पराजित किया। रेड टीम के अनिकेश का जलवा रहा। शतकीय पारी खेली और पांच विकेट भी चटकाये।

पहले मैच में क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार (रेड) ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करते हुए अनिकेश के नाबाद 101 रन की बदौलत 22 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन बनाये।शतकीय पारी खेलने वाले अनिकेश ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और पांच विकेट चटकाये और करुणा क्रिकेट एकेडमी ए को 20 ओवर में 85 रन पर समेट दिया। विजेता टीम के अनिकेश को राइज कोचिंग प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार करुणा क्रिकेट एकेडमी के कोच ने प्रदान किया।

दूसरे मैच में क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार ब्लू ने टॉस जीता और पहले बैटिंग करते हुए प्रभाकर (72 रन) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 21 ओवर में 7 विकेट पर 172 रन बनाये। जवाब में करुणा क्रिकेट एकेडमी बी की टीम 21 ओवर में 9 विकेट पर 74 रन ही बना सकी। टीएसएफ वेराइटी मेगा मॉल के सीईओ विकास प्रियदर्शी ने प्रभाकर को राइज कोचिंग प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।

संक्षिप्त स्कोर

पहला मैच
सीएबी रेड : 22 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन, अनिकेश नाबाद 101, रौनक 16, अमन 13, आरव 4/31, राज 1/29

करुणा क्रिकेट एकेडमी ए : 20 ओवर में 85 रन पर ऑल आउट, आरव 13, आकाश 10, अराध्या 8, अनिकेश 5/26, शुभम 2/1

दूसरा मैच
क्रिकेट एकेडमी ऑफ बिहार ब्लू: 21 ओवर में 7 विकेट पर 172 रन, प्रभाकर 72, आर्यन 13, अभिषेक 2/23, शुभम 2/22

करुणा क्रिकेट एकेडमी बी : 21 ओवर में 9 विकेट पर 74 रन, अभिषेक 21, रमण 2/12, नवीन 2/14

Read More

बिहार सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज में विपल, सुधीर और विजय समेत 30 खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर

पटना। बिहार राज्य सीनियर फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे चक्र के मुकाबले समाप्त होने के बाद 30 खिलाड़ी पूरे दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. इनमें पूर्व राज्य चैंपियन विपल सुभाषी, सुधीर कुमार सिन्हा, वर्तमान राज्य चैंपियन विजय कुमार और विवेक शर्मा समेत कई वरीय खिलाड़ी शामिल हैं. प्रतियोगिता का आयोजन अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर जिला शतरंज संघ की ओर से चंद्र विला फार्म हाउस में किया जा रहा है.

दूसरे चक्र में पहले बोर्ड पर सफेद मोहरों से खेलते हुए पूर्व राज्य चैंपियन विपल सुभाषी ने पटना की अदीबा उल्लाह को 37 चालों में पराजित किया. विपल ने शुरुआत से ही सधी हुई चालें चलते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी. दबाव में अदीबा समय पर चाल चलने में चूकती रहीं और अंततः उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

दूसरे बोर्ड पर बेगूसराय के किशन कुमार ने वैशाली के अहमद सबा करीम को 59 चालों में हराया. सिसिलियन एलपीन ओपनिंग से शुरू हुए इस मुकाबले में किशन ने धीरे-धीरे अपनी स्थिति मजबूत की. 42वीं चाल में अहमद की वजीर लेने के बाद उन्होंने जीत की राह आसान कर ली. अहमद ने वापसी की कोशिश की, लेकिन अंततः उन्हें बाजी छोड़नी पड़ी.

तीसरे बोर्ड पर पटना के विवेक शर्मा ने लंदन सिस्टम ओपनिंग खेलते हुए भागलपुर के आनंद शेखर को 55 चालों में शिकस्त दी. वहीं, पीयूष कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा, वर्तमान राज्य चैंपियन विजय कुमार, भूपनाथ और बी. रामचंद्र रूपेश समेत कई खिलाड़ियों ने भी अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए.

दूसरे चक्र के प्रमुख मुकाबले

दूसरे चक्र में विपल सुभाषी ने अदीबा उल्लाह को, किशन कुमार ने अहमद सबा करीम को और विवेक शर्मा ने आनंद शेखर को हराया. इसके अलावा पीयूष कुमार ने रित्तिक कुमार, सुधीर कुमार सिन्हा ने जयसवाल जाविन, भूपनाथ ने प्रबल सिंह, विजय कुमार ने वीर विक्रम, बी. रामचंद्र रूपेश ने वैभव कुमार मिश्रा, मोहम्मद तब्शीर आलम ने सत्यम शर्मा और कुमार शुभम ने रंजन कुमार पॉल को पराजित किया.

दो चक्रों के बाद 30 खिलाड़ी दो अंकों के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, जबकि छह खिलाड़ी डेढ़ अंक लेकर अगले स्थान पर बने हुए हैं. प्रतियोगिता में आगे के मुकाबलों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा और रोचक होने की उम्मीद है.

Read More

पटना प्रमंडल की अंडर-19 क्रिकेट टीम घोषित, अमित कुमार को मिली मुख्य कोच की जिम्मेदारी

पटना। आगामी राज्यस्तरीय अंडर-19 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए पटना प्रमंडल की टीम की घोषणा कर दी गयी है. प्रतियोगिता का आयोजन बेगूसराय में किया जाएगा. टीम में 16 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जबकि अमित कुमार को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

टीम की कमान दिवाकर कुमार को दी गयी है. कुमार शान, अभिज्ञान आनंद, आदित्य सहाय, अमन कुमार, हरिओम चौबे, प्रिंस कुमार, विशाल कुमार (विकेटकीपर), अभिनव अकेला, नीरू कुमार गुप्ता, प्रशांत कुमार, शाश्वत राज, हिमांशु कुमार, ऋषभ, आर्यन कृष्णा और स्वश्रीत त्रिपाठी टीम के अन्य सदस्य हैं.

मुख्य कोच अमित कुमार ने कहा, “मुझे जो जिम्मेदारी दी गयी है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा. टीम के खिलाड़ियों को लगातार मोटिवेट करने के साथ उनके अंदर जीत का जज्बा पैदा करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास रहेगा. हमारा लक्ष्य खिलाड़ियों से उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलवाना और पटना प्रमंडल को प्रतियोगिता में बेहतर स्थिति में पहुंचाना है.”

प्रतियोगिता के लिए टीम प्रबंधन जल्द ही खिलाड़ियों की तैयारियों को अंतिम रूप देगा. पटना प्रमंडल की टीम से राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.

Read More

पटना में जुटेंगे देश के 29 राज्यों के कबड्डी सितारे, PKL की फ्रेंचाइजी लगाएंगी खिलाड़ियों पर दांव

पटना. राजधानी पटना में एक नवंबर से कबड्डी का रोमांच अपने चरम पर होगा. पाटलिपुत्र खेल परिसर में चार दिनों तक देश के युवा कबड्डी खिलाड़ियों की टक्कर देखने को मिलेगी. यहां 52वीं जूनियर राष्ट्रीय बालक कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जा रहा है. अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिहार राज्य कबड्डी संघ और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की संयुक्त मेजबानी में होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर की 29 टीमें हिस्सा लेंगी.

प्रतियोगिता का उद्घाटन एक नवंबर को दोपहर तीन बजे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. उद्घाटन समारोह में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह समेत खेल जगत से जुड़े कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहेंगे. चार नवंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता के मुकाबले दो कोर्ट पर खेले जाएंगे.

पटना में खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका, PKL की फ्रेंचाइजी की नजर

यह चैंपियनशिप सिर्फ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता नहीं होगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए अपने करियर को नई दिशा देने का बड़ा मंच भी बनेगी. प्रतियोगिता के दौरान प्रो कबड्डी लीग की विभिन्न फ्रेंचाइजी के स्काउट, प्रशिक्षक और टीम मैनेजमेंट से जुड़े सदस्य पटना पहुंचेंगे. उनकी नजर खास तौर पर ऐसे खिलाड़ियों पर होगी, जो आने वाले समय में प्रो कबड्डी के मंच पर अपनी जगह बना सकते हैं.

मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक, फिटनेस और खेल की समझ पर नजर रखी जाएगी. यानी पाटलिपुत्र खेल परिसर में होने वाला प्रदर्शन कई खिलाड़ियों के लिए सीधे प्रो कबड्डी लीग तक पहुंचने का रास्ता खोल सकता है.

जूनियर इंडिया की टीम में जगह बनाने का भी मौका

इस चैंपियनशिप का महत्व इसलिए भी बढ़ गया है, क्योंकि यहां जूनियर भारतीय कबड्डी टीम के संभावित खिलाड़ियों का चयन भी किया जाएगा. अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इसके लिए तीन सदस्यीय समिति पटना भेजने का फैसला किया है.

समिति में भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व प्रशिक्षक ई. भास्करन, अर्जुन पुरस्कार विजेता मनजीत चिल्लर और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रिशांत देवारिकर शामिल होंगे. ऐसे में देश के युवा खिलाड़ियों के पास चार दिनों के इस टूर्नामेंट में खुद को साबित कर राष्ट्रीय टीम की दौड़ में शामिल होने का मौका होगा.

कबड्डी के बड़े नाम भी पटना में रहेंगे मौजूद

प्रतियोगिता में कबड्डी जगत के कई बड़े नाम भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आएंगे. कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय महिला टीम का हिस्सा रह चुकीं रिया कुमारी के अलावा द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित बलवान सिंह भी प्रतियोगिता में शामिल होंगे.

बलवान सिंह 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक रहे हैं. भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के खिलाड़ी अर्जुन देशवाल और बिहार के प्रो कबड्डी खिलाड़ी संदीप कुमार की मौजूदगी भी प्रतियोगिता के आकर्षण को बढ़ाएगी.

50 तकनीकी अधिकारी संभालेंगे प्रतियोगिता

प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी अनुभवी अधिकारियों को दी गई है. अमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया ने जगदीश्वर यादव को तकनीकी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी राणा रंजीत सिंह को कंपीटिशन मैनेजर बनाया गया है. प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए कुल 50 तकनीकी अधिकारियों की तैनाती की गई है.

चार दिनों तक चलने वाली इस चैंपियनशिप में 464 खिलाड़ी और प्रशिक्षक तथा 50 तकनीकी पदाधिकारी समेत करीब 615 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे. खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था पाटलिपुत्र खेल परिसर के छात्रावास और होटलों में की गई है, जबकि भोजन की व्यवस्था खेल परिसर में ही की गई है.

राजगीर में एक महीने तक तैयार हुई बिहार टीम

मेजबान बिहार की टीम भी प्रतियोगिता के लिए तैयार है. टीम की तैयारी के लिए राजगीर में एक महीने का प्रशिक्षण शिविर लगाया गया. शिविर में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक, खेल कौशल और आपसी तालमेल पर विशेष ध्यान दिया गया.

बिहार टीम:

रवि कुमार (बेगूसराय) — कप्तान

दीपक कुमार (बक्सर)

अंशु कुमार (पटना)

शुभम कुमार (सारण)

आदित्य कुमार सिंह (सारण)

आदर्श कुमार (बेगूसराय)

पीयूष राज (रोहतास)

केशव कुमार (समस्तीपुर)

रितेश कुमार (पटना)

अभिनव कुमार सिंह (अररिया)

संदीप यादव (बक्सर)

रवि रंजन कुमार (बक्सर)

रितिक कुमार (पटना)

अमन राज (भोजपुर)

कोच: रमेश कुमार यादव

सहायक कोच: आनंद कुमार सिंह

Read More

सारण प्रमंडल अंडर-16 टीम के लिए 18 को छपरा में ट्रायल, सारण-सीवान और गोपालगंज के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

छपरा (सारण). पटना के ऊर्जा स्टेडियम में दिसंबर में होने वाले सवेरा पी.आई.आर. पांड्या वाटिका इंटर डिवीजनल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए सारण प्रमंडल की टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है. इसके लिए 18 तारीख को छपरा में अंडर-16 खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया जायेगा. ट्रायल में सारण, सीवान और गोपालगंज जिले के खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे.

छपरा में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने ट्रायल और टीम चयन की जानकारी दी. बताया गया कि तीनों जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ट्रायल में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा. प्रदर्शन, फिटनेस और तकनीकी दक्षता के आधार पर सारण प्रमंडल की टीम का चयन किया जायेगा. चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी रखने की बात भी आयोजन समिति की ओर से कही गयी.

चयनित टीम दिसंबर में पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित इंटर डिवीजनल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में सारण प्रमंडल का प्रतिनिधित्व करेगी. टूर्नामेंट में अलग-अलग प्रमंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी.

आयोजकों ने सारण, सीवान और गोपालगंज के अंडर-16 क्रिकेट खिलाड़ियों से अपील की है कि वे 18 तारीख को निर्धारित समय पर छपरा पहुंचकर ट्रायल में हिस्सा लें. आयोजन समिति के अनुसार, यह ट्रायल युवा खिलाड़ियों को प्रमंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर देगा.

प्रेस वार्ता में प्रतियोगिता के सचिव पंकज मिश्रा, उपाध्यक्ष रितेश रंजन, सहायक सचिव राज किशोर, अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, संयोजक कैसर अनवर और मुख्य चयनकर्ता राहुल कुमार समेत अन्य खेल प्रेमी एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे.

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.