KRIDA NEWS

Khelo India को मिले 900 करोड़ रुपए, केंद्रीय बजट में खेल को दिया गया बढ़ावा

जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रमुख परियोजना खेलो इंडिया (Khelo India) को एक बार फिर खेल मंत्रालय के लिए केंद्रीय बजट में सबसे अधिक राशि आवंटित हुई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा मंगलवार को पेश केंद्रीय बजट में खेल मंत्रालय के लिए 3,442.32 करोड़ रुपये में से खेलो इंडिया के लिए 900 करोड़ रुपये आवंटित किए गये हैं। यह रकम पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान 880 करोड़ रुपये के संशोधित आवंटन से 20 करोड़ रुपये अधिक है।

इस साल अगस्त में पेरिस ओलंपिक चक्र समाप्त होने वाला है और राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों अभी भी दो साल का समय है। ऐसे में खेल मंत्रालय के बजट में पिछले चक्र की तुलना में केवल 45.36 करोड़ रुपये की मामूली वृद्धि की गयी है। खेल मंत्रालय के लिए पिछले वित्तीय वर्ष के लिए पिछले चक्र का बजट 3,396.96 करोड़ रुपये था।

सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में खेलो इंडिया में भारी निवेश किया है क्योंकि यह कार्यक्रम देश के सभी हिस्सों से प्रतिभाओं को सामने लाने का काम करता है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में खेलो इंडिया का वास्तविक आवंटन 596.39 करोड़ रुपये था। अगले साल (2023-24) के बजट में लगभग 400 करोड़ रुपये से अधिक बढ़ाकर 1,000 करोड़ रुपये कर दिया गया था। इसे हालांकि संशोधित कर 880 करोड़ रुपये किया गया था।

खेलो इंडिया युवा खेलों 2018 (केआईवाईजी) की शुरुआत के बाद से सरकार ने इसमें और खेल आयोजनों को जोड़ना जारी रखा है। मंत्रालय ने उसी वर्ष खेलो इंडिया शीतकालीन खेल और 2023 में खेलो इंडिया पैरा खेलों शुरू करने के साथ 2020 में खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों की शुरुआत की।

देश भर में सैकड़ों खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्र (केआईएससीई) स्थापित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य प्रतिभाशाली उदीयमान खिलाड़ियों को सुविधाएं प्रदान करना है। खेलो इंडिया के कई एथलीट वर्तमान में भारतीय ओलंपिक दल में शामिल हैं। राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) को सरकार की सहायता में भी 15 करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है । यह 2023-24 में 325 करोड़ रुपये से बढ़कर नवीनतम बजट में 340 करोड़ रुपये हो गई है।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) का बजट भी 795.77 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 822.60 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसमें 26.83 करोड़ रुपये का उछाल है। साइ देश भर में अपने स्टेडियमों के रख रखाव अलावा वैश्विक खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) का प्रबंधन भी करता है।

राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) और राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला (एनडीटीएल) को बजट में मामूली वृद्धि मिली है। नाडा और एनडीटीएल का काम खिलाड़ियों की डोपिंग जांच करना है। नाडा के बजट को 21.73 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 22.30 करोड़ रुपये कर दिया गया है जबकि एनडीटीएल के बजट को 19.50 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 22 करोड़ कर दिया गया है।

 

Read More

बिहार में पहली बार आयोजित होगा ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप, 700 से अधिक निशानेबाज लेंगे हिस्सा

पटना :- बिहार में पहली बार 15 से 19 सितंबर तक 9वीं ईस्ट जोन निशानेबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता नालंदा जिले के राजगीर स्थित सोलह सिंह शूटिंग एकेडमी में होगी। इस आयोजन की जिम्मेदारी बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन को सौंपी गई है।

भारतीय शूटिंग संघ, नई दिल्ली द्वारा स्वीकृत इस प्रतियोगिता में बिहार, बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और असम के लगभग 700 से अधिक निशानेबाज भाग लेंगे। इस चैंपियनशिप में 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल के मैच इंडोर शूटिंग रेंज राजगीर में आयोजित होंगे, जबकि 25 मीटर फायर पिस्टल, 50 मीटर पिस्टल और 50 मीटर राइफल इवेंट्स का आयोजन पटना स्थित विक्रम सिंह शूटिंग कॉम्प्लेक्स में होगा।

प्रतियोगिता में बिहार के करीब 110 निशानेबाज अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें आगामी राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में जगह बनाने का मौका मिलेगा। बिहार के लगभग 250 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन ने इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उद्घाटन समारोह 15 सितंबर को सुबह 10 बजे आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता बिहार सरकार के खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र करेंगे। इस मौके पर ओलंपिक खिलाड़ी-सह-विधायकसुरेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहेंगे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे। गौरतलब है कि बिहार स्टेट राइफल एसोसिएशन की स्थापना वर्ष 1968 में हुई थी, जिसका उद्देश्य युवाओं को निशानेबाजी से जोड़ना और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।

Read More

रूपक कुमार बने लोजपा (रामविलास) खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव, उत्तर प्रदेश प्रभारी की भी मिली जिम्मेदारी

पटना: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खेल एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाते हुए रूपक कुमार को राष्ट्रीय सचिव तथा उत्तर प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति का पत्र राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप शंकर शर्मा (लंकेश) द्वारा जारी किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप शंकर शर्मा (लंकेश) ने कहा कि रूपक कुमार की सक्रियता और नेतृत्व क्षमता से न केवल बिहार बल्कि उत्तर प्रदेश में भी संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। रूपक कुमार ने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे और युवाओं को खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास करेंगे। रूपक की इस नियुक्ति पर पार्टी नेताओं ने भी बधाई दी है।

आपको बता दें कि रूपक कुमार अंतर्राष्ट्रीय बेसबॉल खिलाड़ी और राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी भी रह चुके हैं। खेल जगत में उनके अनुभव से संगठन को निश्चित तौर पर लाभ मिलेगा।

 

Read More

पटना में खेलो इंडिया जोनल आर्चरी टूर्नामेंट का भव्य समापन, शुभम दास और प्राप्ति वेटेबल ने जीता स्वर्ण

पटना :- पाटलिपुत्र खेल परिसर में 13 और 14 सितंबर तक आयोजित खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट 2025 का रविवार को भव्य समापन हुआ। यह टूर्नामेंट पहली बार बिहार में आयोजित किया गया, जिसमें छह राज्यों और विभिन्न बोर्डों के कुल 350 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

फाइनल दिन खेले गए कंपाउंड प्रतिस्पर्धा में पुरुष वर्ग का स्वर्ण आरएसपीबी के शुभम दास ने जीता। रजत झारखंड के दिव्यांशु सिंह को मिला, जबकि कांस्य बिहार के विक्रम कुमार के हिस्से आया। चौथे स्थान पर एसपीएसबी के एमडी आदिल रहे।
महिला वर्ग में पश्चिम बंगाल की प्राप्ति वेटेबल ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। झारखंड की संगीता कुमारी मुर्मू ने रजत, राज अदिति कुमारी ने कांस्य जीता और सलोनी उरांव चौथे स्थान पर रहीं।

विजेता खिलाड़ियों को मेडल के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किए गए। स्वर्ण विजेता को ₹20,000, रजत विजेता को ₹15,000, कांस्य विजेता को ₹10,000 और चौथे स्थान पर रहने वाले को ₹5,000 की राशि दी गई।

समापन समारोह में बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक सह सचिव रविंद्र नाथ चौधरी, बिहार तीरंदाजी संघ के सचिव मनोज कुमार, भारतीय तीरंदाजी संघ के कंपटीशन डायरेक्टर हरेश कुमार, बिहार ओलंपिक संघ की उपाध्यक्ष नूतन कुमारी और अंजलि कुमारी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

इस प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, एसपीएसबी, आरएसपीबी और सीएसईबी से 200 पुरुष और 120 महिला खिलाड़ियों सहित कुल 350 प्रतिभागी शामिल हुए। अकेले बिहार से 72 खिलाड़ी (36 पुरुष व 36 महिला) मैदान में उतरे।

Read More

खेलो इंडिया आर्चरी टूर्नामेंट मुंगेर की अंशिका ने जीता स्वर्ण, पुरुष वर्ग में झारखंड के गोल्डी मिश्रा ने मारी बाजी

पटना, 13 सितंबर 2025 : पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में आयोजित खेलो इंडिया एनटीपीसी जोनल आर्चरी टूर्नामेंट 2025 के पहले दिन बिहार की बेटी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। मुंगेर की अंशिका कुमारी ने महिला रिकर्व वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। वहीं पुरुष रिकर्व वर्ग में झारखंड के गोल्डी मिश्रा ने स्वर्ण पर निशाना साधा।

दो दिवसीय इस टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार बिहार में किया गया है, जिसमें बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल सहित एसपीएसबी, आरएसबी और सीएसईबी की टीमें हिस्सा ले रही हैं। कुल 350 प्रतिभागी, प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी प्रतियोगिता का हिस्सा बने हैं। इसमें 200 पुरुष और 120 महिला तीरंदाज शामिल हैं। केवल बिहार से 72 खिलाड़ी (36 पुरुष और 36 महिला) भाग ले रहे हैं।

पहले दिन के परिणाम (रिकर्व वर्ग):

महिला वर्ग:

  • स्वर्ण – अंशिका कुमारी (बिहार)
  • रजत – रूम विश्वास (पश्चिम बंगाल)
  • कांस्य – बसंती महतो (पश्चिम बंगाल)चौथा स्थान – प्रज्ञा दलाई (उड़ीसा)

पुरुष वर्ग:

  • स्वर्ण – गोल्डी मिश्रा (झारखंड)
  • रजत – कृष्ण पिंगा (झारखंड)
  • कांस्य – आकाश राज (छत्तीसगढ़)
  • चौथा स्थान – शुभम कुमार (बिहार)

विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिए गए। स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹20,000, रजत विजेताओं को ₹15,000, कांस्य विजेताओं को ₹10,000 और चौथे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को ₹5,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

सम्मान समारोह में खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, निदेशक महेन्द्र कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, उप निदेशक  हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, अंजलि कुमारी, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आजय कुमार और बिहार आर्चरी एसोसिएशन के सचिव मनोज कुमार मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को पदक और पुरस्कार राशि देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया।

Recent Articles

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.