पटना: राजधानी पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास मैदान) में The GamePlan Co के तत्वावधान में स्वर्गीय अरुण सिंह की स्मृति में आयोजित यूनिटी कप अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के पूल-बी के अंतिम मुकाबले में इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंकज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंकज स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब की टीम इमर्जिंग प्लेयर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 20 ओवर में 107 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रिशु राज ने 41 रन की पारी खेली, जबकि अंकित (21 रन) और पंकज (12 रन) ने कुछ संघर्ष किया। इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में रौशन ने 3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। वहीं अतुल और आयुष ने 2-2 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

108 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। विवेक सिंह ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मात्र 33 गेंदों में 76 रन ठोक दिए और मैच को एकतरफा बना दिया। उनके साथ अतुल ने 11 रन का योगदान दिया। इमर्जिंग प्लेयर की टीम ने महज 7.5 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। पंकज स्पोर्ट्स की ओर से प्रिंस राज को एकमात्र सफलता मिली।
शानदार और विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए विवेक सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ इमर्जिंग प्लेयर क्रिकेट अकादमी ने पूल-बी में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराते हुए टूर्नामेंट में खिताब की दावेदारी पेश की।





