पटना : राजधानी पटना के पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास) स्थित मैदान पर The GamePlan Co द्वारा स्वर्गीय अरुण सिंह की स्मृति में आयोजित “यूनिटी कप” अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला रॉयल स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब और खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। मुकाबले में खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रॉयल स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को 6 विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर रॉयल स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 24.2 ओवर में 9 विकेट खोकर 148 रन बनाए। टीम की ओर से रॉकी ने 43 गेंदों में 53 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि सुमित रॉय ने 14 गेंदों में 12 रन का योगदान दिया।
खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में शुभम सम्राट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। वहीं अमन शर्मा ने 2 विकेट और अमन ने 1 विकेट हासिल किया।

149 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी की टीम ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 24.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 149 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टीम की ओर से अमन कुमार ने 70 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी खेली, जबकि पार्थ ने 35 गेंदों में 42 रन बनाए। शुभम सम्राट ने भी 25 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया। रॉयल स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में रॉकी ने 2 विकेट, जबकि अंकित सिंह और अंकित कुमार ने 1-1 विकेट हासिल किया। मैच में शानदार गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी के लिए शुभम सम्राट को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
रॉयल स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब – 148/9 (24.2 ओवर)
खुशी टारगेट क्रिकेट अकादमी – 149/4 (24.1 ओवर)




