सोनपुर: रेलवे स्टेडियम, सोनपुर में खेले जा रहे अंतर विभागीय टी-20 प्रतियोगिता के लीग मुकाबले में इलेक्ट्रिकल विभाग ने वाणिज्य विभाग को एकतरफा मुकाबले में 199 रनों से हराकर टूर्नामेंट की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो कप्तान संतोष प्रकाश और बल्लेबाज राहुल मिश्रा रहे, जिन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इलेक्ट्रिकल विभाग ने निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 228 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कप्तान संतोष प्रकाश ने तेजतर्रार 33 रनों की पारी खेली, जबकि राहुल मिश्रा ने महज 26 गेंदों पर विस्फोटक 79 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। मध्यक्रम में ज्योति यादव ने भी शानदार अर्धशतक लगाते हुए 50 रन का अहम योगदान दिया। इस तरह वाणिज्य विभाग को जीत के लिए 229 रनों का कठिन लक्ष्य मिला।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाणिज्य विभाग की टीम शुरुआत से ही दबाव में आ गई। कप्तान संतोष प्रकाश ने अपने पहले ही ओवर में हैट्रिक विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। इसके बाद पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका। वाणिज्य विभाग की ओर से मनीष कुमार सिंह ने सर्वाधिक 26 रन बनाए और वही एकमात्र बल्लेबाज रहे जो दहाई का आंकड़ा पार कर सके।
इलेक्ट्रिकल की ओर से गेंदबाजी में संतोष प्रकाश ने घातक प्रदर्शन करते हुए 3.2 ओवर में मात्र 16 रन देकर 6 विकेट झटके, जो मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। वहीं राहुल मिश्रा ने भी 3 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर इलेक्ट्रिकल विभाग ने 199 रनों से जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत हासिल की। गेंद और बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन के लिए संतोष प्रकाश को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।





