पटना: यासवन स्पोर्ट्स मैदान पर बिहार स्कूल चैंपियनशिप लीग 2026 का भव्य आगाज़ हुआ। पहले ही दिन खेले गए दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट को रोमांचक बना दिया। पहले दिन जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल ने महाविद्या ग्लोबल जूनियर स्कूल को 9 विकेट से हराया, वहीं दूसरे मुकाबले में डॉनी पोलो पब्लिक स्कूल ने बिरला ओपन माइंड्स प्रीस्कूल को 71 रन से हराया।
उद्घाटन अवसर पर बिहार के कई प्रतिष्ठित क्रिकेटर मौजूद रहे, जिनमें दुलीप ट्रॉफी खिलाड़ी अभिजीत साकेत, रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी कुमार रजनीश और अंशुमान गौतम, पूर्व रणजी खिलाड़ी व भाजपा युवा नेता आशीष सिन्हा शामिल थे। इसके अलावा महाविद्या ग्लोबल स्कूल की निर्देशिका रिमझिम कुमारी, महादेवा एप्लायंस के निदेशक विकास कुमार, अधिवक्ता शांभवी राज (DLSA पटना) भी उपस्थित रहीं। स्वागतकर्ताओं में टूर्नामेंट निदेशक अमित रंजन, रणजी खिलाड़ी हिमांशु हरि और सैयद मुस्ताक अली खिलाड़ी व अधिवक्ता प्रतीक कुमार मौजूद रहे।
जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल की एकतरफा जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए महाविद्या ग्लोबल जूनियर स्कूल की टीम 13.2 ओवर में मात्र 34 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अस्तित्व चंद्र (6 रन) और ज्ञानजय (4 रन) ही दहाई के करीब पहुंच सके। जेवियर्स की ओर से गेंदबाजी में कुमार वैभव (3 विकेट), रायन सामी (3 विकेट) और ऋषव तिवारी (2 विकेट) ने शानदार प्रदर्शन किया।
जवाब में जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल ने 5.4 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। आदिश सिन्हा (नाबाद 13 रन) और ऋषव (नाबाद 6 रन) ने टीम को आसान जीत दिलाई। प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट बॉलर और MVP का पुरस्कार रायन सामी को दिया गया। वहीं इस मैच के बेस्ट बैट्समैन आदिश सिन्हा रहे।

डॉनी पोलो पब्लिक स्कूल की बड़ी जीत
पहले बल्लेबाजी करते हुए डॉनी पोलो की टीम ने 25 ओवर में 9 विकेट पर 207 रन बनाए। टीम की ओर से आदर्श राणा ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 126 रन बनाए (19 चौके, 7 छक्के)। इसके अलावा रणवीर ने 19 और मानव ने 11 रन का योगदान दिया।
बिरला की ओर से गेंदबाजी में आदर्श राज ने 4 विकेट, ऋषभ रुद्र ने 2 विकेट और वेदांत वरुण ने 1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिरला ओपन माइंड्स प्रीस्कूल की टीम 21 ओवर में 136 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आशीष ने 63 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आदर्श राज ने 21 रन बनाए। डॉनी पोलो की ओर से गेंदबाजी में ईशांत मिश्रा (3 विकेट), पवन जायसवाल (2 विकेट) और अनुराग राणा (2 विकेट) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अनुराग राणा, बेस्ट बॉलर – आदर्श राज, बेस्ट बैट्समैन – अनुराग राणा और MVP का पुरस्कार आशीष को दिया गया।
कल के मुकाबले
- सुबह: डॉनी पोलो पब्लिक स्कूल vs महाविद्या ग्लोबल जूनियर स्कूल
- दोपहर: जेवियर्स इंटरनेशनल स्कूल vs बिरला ओपन माइंड्स प्रीस्कूल




