पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले जा रहे बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ‘बी’ की टीम ने शानदार संघर्ष का परिचय देते हुए सुदय क्रिकेट एकेडमी को रोमांचक मुकाबले में 1 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सुदय क्रिकेट एकेडमी की टीम ने 32 ओवर में सभी विकेट खोकर 167 रन बनाए। टीम की ओर से रेयांश सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 रन बनाए, जबकि कप्तान ईशु शाहिल ने 26 रनों की तेज पारी खेली। इसके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी छोटे-छोटे योगदान दिए, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी।
ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ‘बी’ की ओर से गेंदबाजी में अर्थ कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं शौर्य कांत ने 2 विकेट और अमन कुमार तथा शिवम ने एक-एक विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका।

168 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ‘बी’ की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया। टीम की ओर से शिवम ने 70 गेंदों पर 46 रनों की शानदार पारी खेलकर जीत की नींव रखी। वहीं आयुष्मान जैन ने 29 गेंदों में 40 रनों की तेज पारी खेली। अंत में टीम ने 29.2 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सुदय क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में पियूष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में 4 विकेट झटके। इसके अलावा अवनीश अरविंद ने 2 विकेट और कप्तान ईशु शाहिल ने भी 2 विकेट लेकर मैच को रोमांचक बना दिया, लेकिन टीम जीत से चूक गई। रोमांचक मुकाबले में अंत तक चले संघर्ष के बाद ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ‘बी’ ने 1 विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में शानदार जीत हासिल की।




