गया: गया जिला में अचिनिता खेलो इंडिया वुमेंस बास्केटबॉल लीग का आयोजन गया डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं ओपेन माइंड्स के तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह दो दिवसीय टूर्नामेंट था, जिसमें पूरे गया जिला से कुल 10 टीमों ने भाग लिया।
प्रतिभाग करने वाली टीमों में डीपीएस गया, जीबीएस टिकारी, जीबीपीएस पहाड़पुर, जीआरसी बोधगया, क्रेन शेरघाटी, ओपेन माइंड्स बिरला स्कूल, मगध हूपर्स, नाज़रेथ एकेडमी एवं महाबोधि ट्री शामिल रहीं। टूर्नामेंट का उद्घाटन 29 तारीख को अत्री के विधायक श्री रोमित कुमार द्वारा किया गया।

समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बिहार बास्केटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी श्री सुशील कुमार उपस्थित रहे। उनके साथ ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी विनय कुमार, गया जिला कबड्डी एसोसिएशन के श्री आनंद कुमार सिंह, गया कॉलेज के पी.टी.आई श्री अंजनी कुमार तथा क्रेन शेरघाटी की प्रिंसिपल श्रीमती प्रतिभा कुमारी भी मौजूद थीं।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए डीपीएस गया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं क्रेन गया उपविजेता रही तथा मगध हूपर्स की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। यह टूर्नामेंट महिला बास्केटबॉल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
इस संबंध में जानकारी गया जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के सेक्रेटरी श्री सरवर अली ने दी। इस अवसर पर संगठन के कई सदस्य एवं सहयोगी भी उपस्थित रहे, जिनमें शाहरुख जफर, अभिषेक कुमार, अतुल कुमार, रंजन कुमार, सुजीत कुमार, तेजस कुमार, फराज खान, तन्वी राज एवं आदर्श कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे।





