पटना: पटना जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के तहत जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड, फतेहपुर में खेले गए मुकाबले में वाईसीसी (YCC) ने लक्ष्य इंजिटेक को 129 रनों से पराजित कर प्रभावशाली जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईसीसी ने निर्धारित 40 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 283 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य इंजिटेक की टीम 29.2 ओवर में 154 रन पर सिमट गई।
वाईसीसी की पारी की शुरुआत मजबूत रही। प्रियांशु कुमार ने 89 गेंदों पर 119 रनों की विस्फोटक शतकीय पारी खेली। उनकी पारी में 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। रोहित अरुण पांडे ने 70 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि पियूष रॉबिन्स कुमार ने नाबाद 23 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

283 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्य इंजिटेक की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अतुल राज ने 32 रन और पियूष इंदरदेव कुमार ने 35 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके और पूरी टीम 154 रन पर सिमट गई। वाईसीसी की ओर से अनिमेष राज और केशव सिन्हा ने 2-2 विकेट चटकाए। कप्तान बिनीत कमलेश कुमार ने भी 2 विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के कारण मुकाबला एकतरफा साबित हुआ।





