बिहार शरीफ: नालंदा जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में 12 फरवरी 2026 को नालंदा जिला सीनियर क्रिकेट लीग ए डिवीजन के अंतर्गत दो मुकाबले खेले गए। दोनों मैचों में गेटवे क्रिकेट क्लब और लकी क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
पहले मैच में गेटवे क्लब का मुकाबला हरनौत क्लब से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए गेटवे क्लब ने 10 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। टीम की ओर से आरव ने 47 रन की सर्वाधिक पारी खेली, जबकि सुभमकांत ने 34 रन, लव ने 30 रन, चंदू ने 26 रन और अर्णव ने 18 रन का योगदान दिया। हरनौत क्लब की ओर से शेष ने 3 विकेट और छोटू ने 2 विकेट हासिल किए।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरनौत क्लब की टीम 24 ओवर में 106 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से शेष और नवाब ने 20-20 रन बनाए, जबकि छोटू और विवेक ने 14-14 रन का योगदान दिया। गेटवे क्लब की ओर से अर्णव किशोर ने 4 विकेट और आरव रॉय ने 5 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आरव रॉय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका विश्वजीत कुमार और अभिषेक ने निभाई।

दूसरे मुकाबले में लकी क्लब का सामना स्टार क्लब से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए लकी क्लब ने 4 विकेट के नुकसान पर 281 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। गौतम बेबी ने शानदार शतक जमाते हुए 116 रन बनाए, जबकि राजीव ने 98 रन और सुमित ने 36 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। स्टार क्लब की ओर से सिद्धार्थ कुमार ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार क्लब की टीम 204 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से सिद्धार्थ आनंद ने 67 रन, नीरज पासवान ने 50 रन, सिद्धार्थ कुमार ने 28 रन और हर्षित ने 14 रन बनाए। लकी क्लब की ओर से माया शंकर और शुभम ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार शतक के लिए गौतम बेबी को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
मैचों में निर्णायक की भूमिका परवेज मुस्तफा उर्फ पप्पू और सैयद जावेद इकबाल उर्फ महताब ने निभाई। इस अवसर पर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, डॉ. संजय संतोष पांडेय, हैदर अली, सिद्धार्थ कुमार बाबा, विकास मयूरेश्वर सहित अन्य पदाधिकारी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।




