पटना। खेल और संस्कृति के संगम का गवाह बनने जा रहा है राजधानी का दानापुर इलाका। आगामी 1 मार्च को श्रीराम खेल मैदान, सुल्तानपुर मठ, दानापुर में कुसुमराज खेल सम्मान समारोह सह होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें खेल जगत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियां एक मंच पर नजर आएंगी।
कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के एमडी डॉ. अमरेंद्र कुमार अमरेश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समारोह केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन देने का एक सशक्त प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवा खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल तकनीकी पदाधिकारी, खेल प्रमोटर, खेल पत्रकार के साथ-साथ शिक्षा, कला और सामाजिक विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि होली के पावन अवसर को देखते हुए समारोह को होली मिलन के रंगों से भी सजाया जाएगा, ताकि यह आयोजन खेल सम्मान के साथ-साथ आपसी भाईचारे और उत्साह का प्रतीक बन सके। रंग, उत्साह और उपलब्धियों का यह संगम समारोह को और भी खास बना देगा।

फाउंडेशन के महासचिव नवीन कुमार ने बताया कि कुसुमराज एजुकेशनल इंस्टीच्यूशन के सहयोग से आयोजित समारोह का मुख्य उद्देश्य राज्य के होनहार खिलाड़ियों को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देना है। उन्होंने कहा, “हमारी संस्था सिर्फ अपने विकास की बात नहीं करती, बल्कि समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिभाओं को मंच देना और उनका मनोबल बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।”
समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक होली मिलन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उपस्थित लोगों को उत्सव का आनंद मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार करते हैं।




