पटना। देशरत्न राजेंद्र प्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, सदाकत आश्रम में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत संपन्न शतरंज प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में अमन पांडेय और महिला वर्ग में शालू कुमारी ने खिताब अपने नाम किया।
पुरुष वर्ग के पांचवें एवं अंतिम चक्र में बीएड द्वितीय वर्ष के छात्र अमन पांडेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 5 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। बीएड द्वितीय वर्ष के ही छात्र सूरज कुमार 4 अंकों के साथ उपविजेता बने। डीएलएड द्वितीय वर्ष के छात्र विकास कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वहीं महिला वर्ग के तीसरे और अंतिम चक्र में डीएलएड द्वितीय वर्ष की छात्रा शालू कुमारी ने 3 अंकों के साथ विजेता का खिताब जीता। डीएलएड द्वितीय वर्ष की ही अंजली कुमारी 2 अंकों के साथ उपविजेता रहीं, जबकि बीएड द्वितीय वर्ष की कोमल कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन बिहार विद्यापीठ के अध्यक्ष विजय प्रकाश एवं महाविद्यालय की निदेशिका डॉ. मृदुला प्रकाश ने शतरंज की पहली चाल चलकर किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विजय प्रकाश ने कहा कि शतरंज एकाग्रता, संयम और बुद्धिमत्ता का खेल है, जिसे विद्यालयों और महाविद्यालयों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि छात्र खेल के साथ-साथ अध्ययन में भी रुचि ले सकें।
कार्यक्रम में सम्मानित अतिथि के रूप में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के संयुक्त सचिव सह भारतीय टीम के प्रशिक्षक गौरी शंकर, बिहार विद्यापीठ के संयुक्त सचिव अवधेश के. नारायण, महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. पूनम वर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापिका (शारीरिक शिक्षा) मिताली मित्रा ने किया।
इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद की सदस्य एवं सहायक प्राध्यापिका रिंपल कुमारी, राष्ट्रीय ऑर्बिटर पम्मी रानी, तकनीकी पदाधिकारी अमरजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खेलप्रेमी मौजूद थे।




