पटना: राजधानी पटना के ऊर्जा स्टेडियम में दिव्यांग चैलेंजर ट्रॉफी 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के पहले दिन खेले गए दो लीग मुकाबलों में मध्यप्रदेश ने बिहार और जम्मू-कश्मीर ने मध्य प्रदेश हराकर जीत हासिल की। इस टूर्नामेंट का उद्घाटन बिहार स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय, राजगीर के कुलपति शिशिर सिन्हा ने किया।
वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में आईजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल, गृह विभाग बिहार सरकार के प्रभारी विधि प्रकोष्ठ रंजीत शंकर प्रसाद, सीआईडी के उप महानिरीक्षक जयंतकांत, होम गार्ड एवं अग्निशमन सेवाएं बिहार के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार, बिहार दिव्यांग क्रिकेट डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमितेश कुमार एवं आयोजन सचिव डॉ. प्रभात चंद्रा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। अतिथियों ने प्रतीकात्मक रूप से बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
मध्यप्रदेश ने बिहार को 10 रन से हराया
पहले मुकाबले में बिहार और मध्यप्रदेश आमने-सामने थे। टॉस जीतकर बिहार के कप्तान धर्मेंद्र कुमार ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्यप्रदेश की टीम ने निर्धारित ओवरों में 186 रन बनाए। मध्यप्रदेश की ओर से अंकित सिंह बघेल ने 35 गेंदों पर 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से शानदार 56 रन बनाए। मिथिलेश सिंह ने 32 गेंदों पर 47 रन तथा वेदांत गुप्ता ने 24 गेंदों पर 26 रनों का योगदान दिया। बिहार की ओर से चंदन कुमार ने 3 ओवर में 30 रन देकर 2 विकेट तथा अजय कुमार ने 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

जवाब में बिहार की टीम 176 रन ही बना सकी और 10 रन से मुकाबला हार गई। बिहार की ओर से कैलाश प्रसाद ने 34 गेंदों पर 53 रन, आनंद पांडे ने 30 गेंदों पर 47 रन और अजय कुमार ने 4 गेंदों पर 11 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। गेंदबाजी में मध्यप्रदेश के अंकित बघेल ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट झटके। लक्की ने 4 ओवर में 23 रन देकर 1 विकेट लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए अंकित सिंह बघेल को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
जम्मू-कश्मीर ने मध्यप्रदेश को 49 रन से हराया
दूसरे लीग मैच में मध्यप्रदेश और जम्मू-कश्मीर की टीमें आमने-सामने थीं। समय की कमी को देखते हुए निर्णायक मंडल ने मुकाबला 15-15 ओवर का निर्धारित किया। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर की ओर से आकिब मलिक ने 30 गेंदों पर 65 रन की आक्रामक पारी खेली। राहुल शर्मा ने 34 गेंदों पर 51 रन और उमर ने 10 गेंदों पर 20 रन का योगदान दिया। मध्यप्रदेश की ओर से साहिल खान ने 3 ओवर में 43 रन देकर 2 विकेट, अंकित बघेल ने 3 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट और राजकिशोर यादव ने 2 ओवर में 17 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मध्यप्रदेश की टीम 15 ओवर में 8 विकेट खोकर 127 रन ही बना सकी और 49 रन से मैच हार गई। मध्यप्रदेश की ओर से अंकित सिंह बघेल ने 22 गेंदों पर 36 रन, राजकिशोर यादव ने 25 गेंदों पर 36 रन और दशरथ कुशवाहा ने 23 गेंदों पर 23 रन बनाए। गेंदबाजी में जम्मू-कश्मीर के बबलू ने 3 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट, कप्तान अजीत राज ने 3 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट और आकिब मलिक ने 3 ओवर में 32 रन देकर 1 विकेट लिया। इस मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आकिब मलिक को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।




