पटना: स्थानीय कृष्णा स्टेडियम, खेमनीचक पर खेले गए प्रदर्शनी क्रिकेट मैच में सुदर्शन इलेवन ने रोमांचक मुकाबले में कामुदाकी इलेवन को 2 विकेट से पराजित कर दिया। टॉस जीतकर सुदर्शन इलेवन ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी कामुदाकी इलेवन की शुरुआत धीमी रही और टीम को शुरुआती ओवरों में नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने पड़े। निर्धारित 17 ओवर में कामुदाकी इलेवन ने 7 विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाए। टीम की ओर से साहिल कुमार ने 6 चौकों की मदद से सर्वाधिक 36 रन की पारी खेली, जबकि भविष्य कुमार ने 24 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। टीम को कुल 23 रन एक्स्ट्रा के रूप में मिले। सुदर्शन इलेवन की ओर से नंदजी और अभिमन्यु पांडे ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुदर्शन इलेवन की टीम ने भी संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की। हालांकि अंत में नंदजी की सूझबूझ भरी पारी ने टीम को जीत दिला दी। सुदर्शन इलेवन ने 15.2 ओवर में 8 विकेट खोकर 93 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। नंदजी ने नाबाद 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। टीम को 26 रन एक्स्ट्रा के रूप में भी मिले। कामुदाकी इलेवन की ओर से कान्हा और अनुराग ने 2-2 विकेट लिए, जबकि समीर को 1 सफलता मिली।
मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सुदर्शन इलेवन के नंदजी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार वितरण समारोह में डॉ. राहुल बिजनेस क्लिनिक के डॉ. राहुल कुमार और जीएसटी विभाग के शशि शेखर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।





