KRIDA NEWS

Alpha Winter Cup 2026 अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट में अल्फा हार्डिंग पार्क और अमित अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी विजयी

पटना: अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी, पटना में आयोजित Alpha Winter Cup 2026 अंडर-13 क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत 5 जनवरी को खेले गए लीग मुकाबलों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ही मैचों में विजेता टीमों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दबदबा बनाते हुए बड़ी जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में अल्फा हार्डिंग पार्क ने कैपर्स क्रिकेट एकेडमी को 87 रनों से और दूसरे मुकाबले में अमित अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी और शाइनिंग स्टार क्रिकेट क्लब को हराया।

Alpha Winter Cup 2026 में अल्फा हार्डिंग पार्क का बेहतरीन प्रदर्शन

दिन के पहले मुकाबले में अल्फा हार्डिंग पार्क ने कैपर्स क्रिकेट एकेडमी को 87 रनों से पराजित किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अल्फा हार्डिंग पार्क की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 167 रन बनाए। टीम की ओर से राजवीर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर 58 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल थे। इसके अलावा काशीनाथ ने 34 रन और हर्ष राज सुमन ने 17 रन का योगदान दिया।

जवाब में कैपर्स क्रिकेट एकेडमी की टीम अल्फा हार्डिंग पार्क के घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 18.4 ओवर में मात्र 80 रन पर ऑलआउट हो गई। गेंदबाजी में प्रियांशु कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 6 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि ईशान और मोहित कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए।

अमित अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी ने दर्ज की जीत

दिन का दूसरा मुकाबला अमित अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी और शाइनिंग स्टार क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमित अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 146 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से दिव्यम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 रन बनाए, जबकि आर्यराज तेजस ने 28 रन और विराट यादव ने नाबाद 10 रन जोड़े।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाइनिंग स्टार क्रिकेट क्लब की टीम दबाव में आ गई और 20 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 78 रन ही बना सकी। गेंदबाजी में दिव्यम ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि रवि कांत शांडिल्य को 2 विकेट और मयंक यादव को 1 विकेट मिला। इस तरह अमित अग्रवाल क्रिकेट एकेडमी ने मुकाबला 68 रनों से अपने नाम किया।

Read More

उमंग के शानदार शतक से किरण क्रिकेट अकादमी की जीत, गया यूथ क्रिकेट क्लब को 4 विकेट से हराया

गया। करजरा स्टेशन ग्राउंड में 8 मार्च को खेले गए मुकाबले में किरण क्रिकेट अकादमी, जहानाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गया यूथ क्रिकेट क्लब को 4 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मैच में उमंग के बेहतरीन शतक ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

टॉस जीतकर किरण क्रिकेट अकादमी ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गया यूथ क्रिकेट क्लब ने 35 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाए। टीम की ओर से मुकुल राजेश पाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 107 रन की पारी खेली, जिसमें 17 चौके और एक छक्का शामिल रहा। वहीं ऋषिकेश राज ने 53 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि अंशु आदित्य 11 रन बनाकर नाबाद रहे। किरण क्रिकेट अकादमी की ओर से गेंदबाजी में अनीश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए। आयुष रंजन ने 1 विकेट हासिल किया, जबकि सोनू संजीत कुमार को भी एक सफलता मिली।

231 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी किरण क्रिकेट अकादमी की टीम ने 32.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से उमंग ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 102 रन बनाए। उनकी इस पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा। इसके अलावा सोनू संजीत कुमार ने 35 रन और आयुष रंजन ने नाबाद 28 रन का योगदान देकर टीम को जीत दिलाई। गया यूथ क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी में नीरव भारती और मुकुल राजेश पाल ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि ऋषिकेश राज को एक विकेट मिला।

मैच में शानदार शतक लगाने वाले उमंग और मुकुल राजेश पाल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, लेकिन अंत में उमंग की नाबाद शतकीय पारी के दम पर किरण क्रिकेट अकादमी ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में अमर सीसी की रोमांचक जीत

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के मुकाबले में अमर सीसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को बेहद रोमांचक मुकाबले में दो रन से पराजित कर दिया। स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में अमर सीसी ने टॉस जीत कर पहले बैटिंग करते हुए 31.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 158 रन बनाये। जवाब में सिटी स्टूडेंट क्लब की टीम 32 ओवर में 156 रन पर ऑल आउट हो गई। विजेता टीम के आर्यमन सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

अमर सीसी की पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अमर सीसी की टीम ने 31.4 ओवर में 158 रन बनाए। टीम की ओर से तपीश कुमार ने सबसे ज्यादा 48 रन की पारी खेली। उन्होंने 58 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और तीन छक्के लगाए। अभिषेक कुमार ने 31 गेंदों पर 35 रन बनाए जबकि कप्तान रवि शंकर ने 15 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त के रूप में टीम को 19 रन मिले और पूरी टीम 158 रन पर सिमट गई। सिटी स्टूडेंट क्लब की ओर से गेंदबाजी में प्रज्ज्वल सबसे सफल रहे। उन्होंने सात ओवर में 28 रन देकर चार विकेट झटके। आदित्य प्रकाश ने दो विकेट हासिल किए जबकि सुधांशु जय रंजन और राहुल कुमार को एक-एक सफलता मिली।

सिटी स्टूडेंट क्लब की पारी

159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिटी स्टूडेंट क्लब की टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन मध्यक्रम के लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। अंशुल राज ने 34 गेंदों पर 46 रन की तेज पारी खेली जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था। कार्तिक राज यादव ने 22 रन और बलजीत सिंह बिहारी ने 20 रन बनाए। इसके बावजूद टीम 32 ओवर में 156 रन पर ऑलआउट हो गई और जीत से महज दो रन दूर रह गई।

अमर सीसी की ओर से गेंदबाजी में आर्यमान सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात ओवर में केवल 17 रन देकर तीन विकेट लिए। दीपक कुमार ने भी पांच ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट झटके। ऋषभ भारद्वाज ने दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस तरह रोमांच से भरपूर मुकाबले में अमर सीसी ने सिटी स्टूडेंट क्लब को दो रन से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।

संक्षिप्त स्कोर
अमर सीसी : 158/10 (31.4 ओवर) – तपीश कुमार 48, अभिषेक कुमार 35, रवि शंकर 15; प्रज्ज्वल 4/28, आदित्य प्रकाश 2/15, सुधांशु रंजन 2/25।

सिटी स्टूडेंट क्लब : 156/10 (32 ओवर), अंशुल राज 46, कार्तिक राज यादव 22, बलजीत सिंह बिहारी 20, आर्यमान सिंह 3/17, दीपक प्रभु कुमार 3/23, ऋषभ भारद्वाज 2/34।

Read More

बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी 2025-26 के सेमीफाइनल में पहुंची नालंदा, दरभंगा को 5 विकेट से हराया

पटना। बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत खेले जा रहे बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नालंदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दरभंगा को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। यह मुकाबला 8 मार्च को मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेला गया।

मैच में नालंदा के कप्तान नमन गौरव ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दरभंगा की टीम ने 50 ओवर में सात विकेट खोकर 243 रन बनाए। टीम की ओर से अयुष लोहारूका ने 61 रन, मयंक ने नाबाद 56 रन और त्रिपुरारी केशव ने 45 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा अनुराग ने 26 और अल्तामिस ने 13 रन का योगदान दिया। नालंदा की ओर से गेंदबाजी में आदित्य राज और मनीष राज ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं सुमन सौरभ, कुंदन और आकाश राज को एक-एक सफलता मिली।

नमन गौरव की पारी से जीता नालंदा

244 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नालंदा की टीम ने कप्तान नमन गौरव की शानदार 97 रनों की पारी की बदौलत 43 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नमन गौरव के अलावा कुंदन ने 43 रन, अंकित राज ने 41 रन, खुश कुमार ने नाबाद 21 रन और अर्णव किशोर ने 11 रन का योगदान दिया। दरभंगा की ओर से मणिकांत ने दो विकेट लिए, जबकि मयंक, अल्तामिस और मनीष को एक-एक विकेट मिला। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए नालंदा के कप्तान नमन गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस मौके पर पूर्व सीनियर क्रिकेटर व नालंदा जिला क्रिकेट संघ के पूर्व पदाधिकारी तथा नालंदा सीनियर टीम के कोच संजय कुमार उर्फ पिंटू दा, क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार, टीम मैनेजर सिद्धार्थ आनंद, मीडिया प्रभारी संतोष पांडेय और डॉ. संजय समेत कई लोग मौजूद थे।

नालंदा का सेमीफाइनल मुकाबला 13 मार्च को बेगूसराय और भागलपुर के बीच होने वाले मैच के विजेता से मोइनुल हक स्टेडियम, पटना में खेला जाएगा।

Read More

जेपी गंगा पथ पर अस्मिता महिला रोड साइक्लिंग लीग का आगाज, बिहार की साइकिलिस्टों का शानदार प्रदर्शन

पटना: साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की देखरेख में साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार द्वारा पटना के जेपी गंगा पथ पर आयोजित दो दिवसीय अस्मिता खेलो इंडिया महिला रोड साइक्लिंग लीग (पूर्वी क्षेत्र) का शनिवार को भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन पटना क्षेत्र के आईजी जितेंद्र राणा (आईपीएस) ने नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, साई पटना क्षेत्र के प्रभारी सोमेश्वर राव, बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह तथा बिहार राइफल संघ के सचिव कुमार त्रिपुरारी सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं में बिहार की महिला साइकिलिस्टों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मास स्टार्ट के सब-जूनियर वर्ग की 5 किलोमीटर स्पर्धा में बिहार की खिलाड़ियों ने सभी पदकों पर कब्जा जमाया। इसमें आशा कुमारी ने पहला, सोनाली कुमारी ने दूसरा और जानकी कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं सब-जूनियर 20 किलोमीटर स्पर्धा में असम की मिनी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि झारखंड की पिंकी कुमारी दूसरे और बिहार की सुप्रिया कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। महिला ओपन वर्ग की 2 किलोमीटर स्पर्धा में भी बिहार की खिलाड़ियों का दबदबा रहा, जहां खुशी कुमारी ने पहला, सृष्टि कुमारी ने दूसरा और केशु कुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इसके अलावा टाइम ट्रायल 10 किलोमीटर स्पर्धा के सब-जूनियर वर्ग में ओडिशा की मनीषा सायो पहले स्थान पर रहीं, जबकि बिहार की गुड़िया कुमारी दूसरे और सृष्टि कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।

उद्घाटन समारोह में अतिथियों का स्वागत साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष जगजीवन सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव डॉ. कौशल किशोर सिंह ने दिया। इस अवसर पर संघ के उपाध्यक्ष विक्रम आदित्य, कोषाध्यक्ष निकी, बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर, बिहार पिकलबॉल संघ के सचिव रंजन कुमार गुप्ता, बिहार सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के सचिव ज्योति कुमार सहित कई खेल पदाधिकारी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

उद्घाटन समारोह के दौरान धनेश्वरी देवनंदन कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, दानापुर की छात्राओं ने स्वागत गीत, लोकनृत्य और बैंड की आकर्षक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा। समापन समारोह में पटना नगर निगम की उपमेयर रश्मि चंद्रवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, जबकि प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सारिका राय विशिष्ट अतिथि होंगी। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.