पटना: अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी, पटना में खेले जा रहे Alpha Winter Cup 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में सिग्मा स्पोर्ट्स क्लब ने दमदार प्रदर्शन करते हुए धनराज क्रिकेट अकादमी को 9 विकेट से पराजित कर फाइनल में जगह बना ली। मुकाबले में सिग्मा की जीत का आधार अनुशासित गेंदबाजी और प्रभावशाली बल्लेबाजी रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी धनराज क्रिकेट अकादमी की टीम 18.4 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रेयांश कार्तिक ने सर्वाधिक 38 रन बनाए, जबकि आयुष कुमार ने 15 और रुद्र नारायण ने 11 रन का योगदान दिया। सिग्मा स्पोर्ट्स क्लब की ओर से गेंदबाजी में अनमोल राज और अकमल खान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके, जबकि नितिन राज को 2 विकेट मिले। कप्तान तेजस्वी रौशन चौहान ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए एक अहम विकेट हासिल किया।
116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिग्मा स्पोर्ट्स क्लब की टीम ने बेहद संयमित और आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। कप्तान तेजस्वी रौशन चौहान ने 44 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें 9 चौके शामिल थे। उनका शानदार साथ नितिन राज ने दिया, जिन्होंने 31 गेंदों पर नाबाद 51 रन की तेज तर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच मजबूत साझेदारी के दम पर सिग्मा ने 16.1 ओवर में 1 विकेट खोकर 120 रन बनाते हुए मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।
इस शानदार जीत के साथ सिग्मा स्पोर्ट्स क्लब ने Alpha Winter Cup 2026 के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। टीम के संतुलित प्रदर्शन से यह साफ हो गया है कि सिग्मा खिताब की प्रबल दावेदार बनकर उभरी है, जबकि तेजस्वी रौशन चौहान और नितिन राज की पारियां टूर्नामेंट की यादगार पारियों में शामिल रहीं।





