सतना: दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उनकी उपलब्धियों को समाज के समक्ष सम्मानपूर्वक प्रस्तुत करने के उद्देश्य से आरम्भ- युवाओं की एक नई सोच समिति, सतना द्वारा “आरम्भ विन्ध्य दिव्यांग रत्न सम्मान–2025” का आयोजन 28 दिसंबर 2025 (रविवार) को टाउन हॉल, सतना में किया जाएगा। यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।
समिति के अध्यक्ष अंकित रॉकी शर्मा ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन विन्ध्य क्षेत्र के उन दिव्यांग प्रतिभाशाली व्यक्तियों को समर्पित है, जिन्होंने शिक्षा, खेल, कला, रोजगार, उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। ऐसे दिव्यांगजनों को सम्मानित कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।
अध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजन को गरिमामय और प्रेरणास्पद बनाने की दिशा में समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि समिति द्वारा दिव्यांग प्रतिभाओं की पहचान और चयन के लिए संपर्क अभियान लगातार जारी है। यदि कोई दिव्यांग व्यक्ति स्वयं या उनके परिचित किसी विशेष उपलब्धि के लिए जाने जाते हैं, तो वे समिति से संपर्क कर अपनी जानकारी साझा कर सकते हैं, ताकि उन्हें इस सम्मान समारोह में सम्मिलित किया जा सके।
अंत में समिति की ओर से आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया बंधुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष अंकित रॉकी शर्मा, सचिव सूर्य प्रकाश गुप्ता, आर्ची इवेंट ग्रुप के अध्यक्ष रिंकू सोंधिया, नगर अध्यक्ष राहुल दहिया, सह सचिव पवन कुशवाहा, निखिल गुप्ता, सोनू सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 6264280880 एवं 8319716950 पर संपर्क किया जा सकता है।






