KRIDA NEWS

साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियां तेज, पटना बनेगा अंतरराष्ट्रीय खेल मंच

पटना: एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के तत्वावधान में भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ एवं बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के संयुक्त आयोजन से साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप (पुरुष व महिला) का आयोजन 27 से 29 दिसंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसका मुख्य आयोजन स्थल बी.एन. क्लब, रामनगरी, आशियाना (पटना) होगा।

संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार विधान परिषद सदस्य प्रो. नवल किशोर यादव ने बताया कि 27 दिसंबर को अपराह्न 4 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं 28 दिसंबर को चार लीग मैच कुशवाहा आश्रम, हाजीपुर (वैशाली) में खेले जाएंगे। हाजीपुर में होने वाले मैचों की तैयारियां वैशाली जिला बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव रवि रंजन कुमार की देखरेख में की जा रही हैं।

चैंपियनशिप के दौरान एशियन बॉल बैडमिंटन महासंघ के अध्यक्ष वाई. राजा राव, महासचिव अमिश रेगमी सहित एशियाई एवं भारतीय महासंघ के सभी प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। यह प्रतियोगिता “खेलेंगे जीतेंगे, चमक बिखेरेंगे खिलाड़ी” थीम पर आधारित होगी।

बिहार बॉल बैडमिंटन संघ की उपाध्यक्ष प्रो. सुहेली मेहता ने बताया कि चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों व पदाधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था आयोजन स्थल के आसपास के होटलों में की गई है, जबकि भोजन की व्यवस्था आयोजन स्थल के डाइनिंग हॉल में रहेगी। खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों के लिए परिवहन की भी समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रीलंका और भूटान की टीमों को बोधगया (गया) का दर्शन भी कराया जाएगा। उद्घाटन और समापन समारोह को विशेष रूप से आकर्षक बनाया जाएगा।

संघ के उपाध्यक्ष सह प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि श्रीलंका और मेजबान भारत की पुरुष व महिला टीमें 25 दिसंबर, जबकि भूटान और नेपाल की टीमें 27 दिसंबर की सुबह पटना पहुंचेंगी। प्रतियोगिता को लोकप्रिय बनाने के लिए राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों पर पोस्टर और बैनर लगाए जाएंगे तथा प्रतियोगिता स्थल को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।

संघ के सचिव गौरी शंकर ने बताया कि मैचों का संचालन भारतीय बॉल बैडमिंटन महासंघ के मुख्य निर्णायक एस.जी. ज्योतिष (केरल) की देखरेख में किया जाएगा। पहली बार पटना में आयोजित हो रही इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्कोर बोर्ड भी लगाए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीएसएसएस शशांक शेखर सिन्हा (आईएएस), संघ की संयुक्त सचिव मिताली मित्रा, बिरजू झा, वैशाली जिला सचिव रवि रंजन कुमार, सुनील कुशवाहा सहित बॉल बैडमिंटन संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: ईशान किशन एकेडमी की रिकॉर्ड जीत, डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रन से हराया

पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ने विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रनों के विशाल अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन एकेडमी ने 32.5 ओवर में 386 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आयुष रंजन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 40 गेंदों में 116 रन ठोक दिए, जिसमें 15 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं अंश राज ने 111 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सार्थक ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में सचिन कुमार ने 3 विकेट, जबकि आशीष रंजन और शौर्य कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम विपक्षी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सकी।

387 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 22.3 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नेहाल ने 45 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। ईशान किशन एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रिआन सैनी और साहिल ने 3-3 विकेट झटके। वहीं अनिश और अर्जुन राणा ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आयुष रंजन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार किया गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में वाईएमसीसी और बीएसईबी जीते

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना डिस्ट्रिक्ट सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में वाईएमसीसी और बीएसईबी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। एक मैच में वाईएमसीसी ने सत्यम कुमार के तूफानी शतक और सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत शर्मा स्पोर्टिंग को 166 रन के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में बीएसईबी ने बेहद रोमांचक संघर्ष में क्रिसेंट सीसी को 1 विकेट से हराकर जीत अपने नाम की।

YMCC की जीत

स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट पर 324 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सत्यम कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 129 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा सूरज कुमार कश्यप ने 57 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान विराट पांडेय ने 43 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत वाईएमसीसी ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

324 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की टीम वाईएमसीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28 ओवर में 158 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राहुल कुमार ने 33 रन और आदित्य कुमार राय ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। वाईएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सूरज कश्यप ने 3 विकेट विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम के सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

BSEB ने हासिल की जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी की टीम ने 40 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आशीष राज ने 37 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 21 रन और रितविक राज ने 14 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की ओर से तुषार कांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं परमेश्वर यादव ने 2 विकेट लिए और शंभू कुमार तथा प्रदीप को 1-1 सफलता मिली।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसईबी की टीम को क्रिसेंट सीसी के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। एक समय टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए, लेकिन पंकज कुमार मिश्रा ने 36 गेंदों में 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

इसके अलावा दीपक कुमार ने 25 रन और कप्तान मुकेश कुमार शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। क्रिसेंट सीसी की ओर से गेंदबाजी में गुलरेज अख्तर और रितविक राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। विजेता टीम के तुषारकांत को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की शानदार जीत, YCC को 4 विकेट से हराया

पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए YCC क्रिकेट एकेडमी को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने अहम भूमिका निभाई। प्रियांशु को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए YCC क्रिकेट एकेडमी की टीम 34 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान अनुराग राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में 82 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 16 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनके अलावा शशांक शेखर ने 21 रन और अन्य बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान दिए। जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में कप्तान प्रियांशु जे.एस. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं आदित्य कुमार ने 3 विकेट और अंश राज तथा आर्यन राज ने 1-1 विकेट लेकर YCC की पारी को समेट दिया।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। आकर्ष राज ने 49 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अमित कुमार ने 27 रन बनाए। अंत में शिपु ने 36 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 21.4 ओवर में 160/6 तक पहुंचाकर जीत दिला दी। YCC क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रुद्र नारायण ने 2 विकेट, अनुराग राणा ने 2 विकेट और सचिन कुमार ने 1 विकेट हासिल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस तरह जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को अपने नाम किया और टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की।

Read More

29 मार्च से पटना में बिहार रूरल लीग, 24 टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला

पटना: पटना जिला में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार रूरल लीग के तहत जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 29 मार्च से किया जाएगा, जिसमें कुल 24 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी रूपक कुमार एवं गवर्निंग काउंसिल के कन्वेनर ज्ञानेश्वर गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले नौबतपुर–मसौढ़ी रोड स्थित पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास मैदान) में खेले जाएंगे। बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी के कारण मुकाबलों के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। पटना जिला के मुकाबलों के समापन के बाद इसी लीग के अंतर्गत समस्तीपुर, जहानाबाद और मोतिहारी जिलों में भी मैचों का आयोजन किया जाएगा, जिनकी तिथियों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

ज्ञानेश्वर गौतम ने आगे बताया कि प्रतियोगिता के पहले चरण के सभी मैच पारंपरिक व्हाइट ड्रेस में खेले जाएंगे। इसके लिए सभी टीमों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों ने सभी टीमों के कप्तानों से अनुरोध किया है कि वे मैच से संबंधित जानकारी के लिए प्रभात कुमार (मोबाइल: 9939089666) से संपर्क कर लें।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.