बेगूसराय, राजौड़ा– यमुना इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग में आयोजित बिहार राज्य अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता आज रोमांचक मुकाबलों के साथ सम्पन्न हो गई। अंतिम चक्र में बालिका और बालक दोनों वर्गों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिसमें पटना के प्रत्यूष कुमार और बेगूसराय की आर्या सिन्हा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
बालिका वर्ग में आर्या सिन्हा ने नव्या को हराकर जीता खिताब
बालिका वर्ग के शीर्ष बोर्ड पर खेले गए निर्णायक मुकाबले में बेगूसराय की आर्या सिन्हा ने अब तक अजेय चल रही मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका को हराकर 5.5 अंकों के साथ चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। नव्या 5 अंकों के साथ उपविजेता रहीं। तीसरे स्थान के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। कटिहार की मून और बेगूसराय की इशिका ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज करते हुए 4.5-4.5 अंक जुटाए। टाई-ब्रेक अंकों के आधार पर इशिका तीसरे, जबकि मून चौथे स्थान पर रहीं।
बालक वर्ग में प्रत्यूष और अव्यय ने छह-छह अंक बटोरे
बालक वर्ग के रोमांचक अंतिम चक्र में पटना के प्रत्यूष कुमार और अव्यय शर्मा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए अपने प्रतिद्वंदियों—मुजफ्फरपुर के तेजस शांडिल्य और पटना के कार्तिकेय नंदन को मात देकर 6-6 अंक अर्जित किए। टाई-ब्रेक के आधार पर प्रत्यूष को विजेता, जबकि अव्यय शर्मा को उपविजेता घोषित किया गया। तीसरे बोर्ड पर दरभंगा के मनीष यादव ने पटना के ओम कश्यप को हराकर 5.5 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंतिम दौर की समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. रामाश्रय सिंह एवं विशिष्ट अतिथि आनंद पांडेय (पुलिस उपाधीक्षक, बेगूसराय) ने विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अलख सिन्हा, अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव व मुख्य निर्णायक नंदकिशोर, आयोजन सचिव संजय कुमार, सहायक मुख्य निर्णायक विजय कुमार सहित कई गणमान्य लोग और अभिभावक उपस्थित रहे।
विजेता खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है
बालिका वर्ग
- आर्या सिन्हा (बेगूसराय) – 5.5
- नव्या गोयनका (मुजफ्फरपुर) – 5
- इशिका (बेगूसराय) – 4.5
- मून (कटिहार) – 4.5
- शालिनी श्रीवास्तव (पटना) – 4
- दृष्टि दीया प्रमाणिक (किशनगंज) – 4
- वंशिका माहेश्वरी (पटना) – 4
- आराध्या प्रकाश (मुंगेर) – 4
- आरोही सागर (पटना) – 4
- मनीषा यादव (दरभंगा) – 3.5
बालक वर्ग
- प्रत्यूष कुमार (पटना) – 6
- अव्यय शर्मा (पटना) – 6
- मनीष यादव (दरभंगा) – 5.5
- तेजस शांडिल्य (मुजफ्फरपुर) – 5
- अचिंत्य कश्यप (पटना) – 5
- मानस (पटना) – 5
- कार्तिकेय नंदन (पटना) – 4.5
- अभिमन्यु कुमार (पटना) – 4.5
- पार्थवाह (पटना) – 4.5
- हर्षित आनंद (सहरसा) – 4.5




