पटना: बेगूसराय के राजौड़ा स्थित यमुना इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में चल रही बिहार राज्य अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को खेल बेहद रोमांचक रहा। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में बेगूसराय शतरंज अकादमी द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।
बालक वर्ग में तीन खिलाड़ी संयुक्त रूप से शीर्ष पर
बालक वर्ग में आज छठे चक्र की समाप्ति के बाद प्रत्यूष, तेजस शांडिल्य और अव्यय शर्मा पाँच-पाँच अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुँच गए हैं। छठे चक्र में महत्वपूर्ण मुकाबलों में तेजस ने प्रत्यूष को हराया। अव्यय शर्मा ने अचिन्त्य कश्यप को मात दी।पहले से पाँच अंकों पर चल रहे प्रत्यूष भी पराजय के बावजूद शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं।
वहीं साढ़े चार अंक अर्जित कर कार्तिकेय नंदन और मनीष यादव संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। छठे चक्र के बाद की रैंकिंग में शीर्ष 12 स्थानों पर फिडे रेटेड खिलाड़ी काबिज हैं, जो प्रतियोगिता की प्रतिस्पर्धा और स्तर को दर्शाता है।
बालिका वर्ग में नव्या गोयनका अकेली शीर्ष पर
बालिका वर्ग में मुजफ्फरपुर की नव्या गोयनका ने आज शानदार प्रदर्शन कर खुद को अकेले शीर्ष पर स्थापित कर लिया है। नव्या ने लगातार दो मुकाबले जीते। चौथे चक्र में पटना की शालिनी श्रीवास्तव को, पाँचवें चक्र में बेगूसराय की इशिका को पराजित किया। इन जीतों के बाद नव्या के कुल 5 अंक हो गए हैं और वह अकेली शीर्ष पर हैं। साढ़े चार अंकों के साथ बेगूसराय की आर्या सिन्हा दूसरे स्थान पर और चार अंकों के साथ किशनगंज की दृष्टि दिया प्रामाणिक तीसरे स्थान पर बनी हुई हैं।
अंतिम चक्र कल सुबह 9 बजे
प्रतियोगिता का अंतिम और निर्णायक चक्र कल सुबह 9 बजे खेला जाएगा, जिसके बाद दोनों वर्गों के चैंपियन खिलाड़ी घोषित किए जाएंगे। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शतरंज प्रेमियों में अंतिम दिन को लेकर उत्सुकता चरम पर है।





