KRIDA NEWS

डिजिटल इंडिया थंडर्स ने जीता अटल बिहारी वाजपेयी वुमेन क्रिकेट ट्रॉफी, जल जीवन स्ट्राइकर्स को 8 विकेट से हराया

पटना- 25 दिसंबर 2025: अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित छठवीं भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी वुमेन क्रिकेट चैंपियनशिप की ट्रॉफी डिजिटल इंडिया थंडर्स ने अपने नाम कर ली। मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में डिजिटल इंडिया थंडर्स ने जल जीवन स्ट्राइकर्स को आठ विकेट से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर किया गया सम्मान मैच समाप्ति के बाद आयोजित समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता, उमेश सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का स्वागत भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने किया।

बड़ी संख्या में खेल एवं सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में सह संयोजक विकास कुमार गोल्डी, संतोष मिश्रा, राजीव रंजन यादव, कंचन, महिला संयोजिका वर्षा पांडे, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, जेपी मेहता, धीरेंद्र सिन्हा, सुमित शर्मा, कंचन शर्मा, ज्योति, डॉ रवि, डॉ अभिराम शर्मा, राजू राय धावक, सौरभ चक्रवर्ती, बिहार अंडर-23 कोच पवन कुमार, प्रकाश सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा दुर्गेश सिंह, मुकेश पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

महिला सशक्तिकरण और खेल को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता – विजय सिन्हा

उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर क्रीड़ा प्रकोष्ठ द्वारा खेल आयोजनों की परंपरा सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बिहार में महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार गंभीर है और युवाओं को खेल से जोड़ने का सकारात्मक असर अब दिखने लगा है।

बिहार के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेंगे – श्रेयसी सिंह

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए बनाई जा रही नीतियों और उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों का सकारात्मक परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हमेशा फेयर प्ले और स्पोर्ट्समैनशिप बनाए रखनी चाहिए और हार से सीख लेकर अगले मुकाबले की तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट तेजी से हो रहा है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर मिलेंगे।

मैदान में दिखी खेल भावना

समारोह के दौरान खेल मंत्री श्रेयशी सिंह और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा खुद मैदान में क्रिकेट खेलते नजर आए। श्रेयशी सिंह ने बॉलिंग की, जबकि विजय सिन्हा बल्लेबाजी करते दिखे। पहली ही गेंद पर श्रेयशी सिंह ने विजय सिन्हा को क्लीन बोल्ड कर दिया, हालांकि गेंद को नो-बॉल करार दिया गया। इसके बाद डिप्टी सीएम ने शानदार शॉट खेलकर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

फाइनल मुकाबले का पूरा हाल

टॉस जीतकर डिजिटल इंडिया थंडर्स ने जल जीवन स्ट्राइकर्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्ट्राइकर्स की टीम 19.5 ओवर में 113 रन पर आलआउट हो गई। जवाब में खेलने उतरी थंडर्स की टीम ने लक्ष्य को 13.5 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। स्ट्राइकर्स की ओर से ज्यादा यशिता सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 रन बनाए। वहीं डिजिटल की जीत की पटकथा निक्की कुमारी 44 और कप्तान आंट्री ने 41 रन से लिखी। डिजिटल के लिए ममता राय ने 3, लक्ष्मी व अपूर्वा ने 2-2 विकेट चटकाए।

संक्षिप्त स्कोर:

जल जीवन स्ट्राइकर्स: 19.5 ओवर में 113 रन पर आलआउट, यशिता सिंह 41, रूचि पाठक 10, गुड़िया 22, सौम्या अखौरी 12, अतिरिक्त 6, ममता राय 3/21, निक्की कुमारी 1/16, लक्ष्मी 2/21, अपूर्वा 2/33, अनुष्कार सिंह 1/21.

डिजिटल इंडिया थंडर्स: 13.5 ओवर में 2 विकेट पर 114 रन, आंद्री नाबाद 41, निक्की 44, अंशिका राज 10, अतिरिक्त 12, सौम्या अखौरी 1/30, नेहा कुमारी 1/22.

व्यक्तिगत पुरस्कार

  • प्लेयर ऑफ द मैच : निक्की कुमारी
  • मैन ऑफ द सीरीज : निक्की कुमार (डिजिटल मीडिया इंचार्ज)
  • बेस्ट नेट्समैन: एंंद्री कुमारी (डिजिटल मीडिया इंचार्ज)
  • बेस्ट बॉलरः अनुष्का कुमारी (डिजिटल मीडिया इंचार्ज)
  • बेस्ट फील्डर : अंजली चौधरी (जन जीवन स्ट्राइकर्स)
  • बेस्ट विकेटकीपर: अंशिका राज (डिजिटल मीडिया इंचार्ज)
  • प्रमोसिंग प्लेयर : आरोही कुमारी (महिला सशक्तिकरण किंग्स)
Read More

रंगकर्मी प्रवीण चंद्रवंशी मेमोरियल अंडर-13 स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 8 अप्रैल से

पटना, 20 मार्च। आगामी 8 अप्रैल से बिहार के सुप्रसिद्ध रंगकर्मी प्रवीण चंद्रवंशी की पुण्य तिथि के अवसर पर सरदार पटेल स्पोट्र्स फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रवीण चंद्रवंशी मेमोरियल अंडर-13 स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जायेगा।

यह जानकारी देते हुए आयोजन अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद इंद्रदीप चंद्रवंशी (स्व. प्रवीण के भाई) ने बताया कि इस प्रतियोगिता में स्कूल और एकेडमी की टीमें भाग लेंगी और आयोजन के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ प्रवीण चंद्रवंशी की स्मृति को सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा।

सरदार पटेल स्पोट्र्स फाउंडेशन के संस्थापक सचिव संतोष तिवारी ने बताया कि इस टूर्नामेंट में प्रत्येक दिन प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जायेगा। इसके अलावा विजेता और उपविजेता टीमों को चमचमाती ट्रॉफी के अलावा व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिये जायेंगे। साथ ही मैन ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट बैट्समैन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर समेत कई आकर्षक पुरस्कार दिये जायेंगे।

उन्होंने बताया कि भाग लेने को इच्छुक टीमें मोबाइल नंबर 9386962380 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपने जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड का फोटो कॉपी फॉर्म के साथ जमा करना होगा।

Read More

बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी: नवादा की रोमांचक जीत, गया को 1 विकेट से हराया

नालंदा। बिहार क्रिकेट संघ के घरेलू सत्र 2025-26 के तहत आयोजित बीसीए मेंस अंडर-23 वनडे ट्रॉफी (मगध जोन) के पांचवें मुकाबले में नवादा की टीम ने रोमांचक खेल का प्रदर्शन करते हुए गया को 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मुकाबला 19 मार्च 2026 को नालंदा जिला क्रिकेट संघ की मेजबानी में खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया की टीम 39.3 ओवर में 176 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से अभिषेक ने 52 रन की अहम पारी खेली, जबकि नितीश ने 32 रन, यशराज ने 23 रन, प्रीतम ने 14 रन और राहुल ने 11 रन का योगदान दिया।नवादा की ओर से गेंदबाजी में आदर्श ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 रन देकर 5 विकेट झटके और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। इसके अलावा अर्णव ने 2 विकेट, जबकि दीपक और सुमन ने 1-1 विकेट हासिल किए।

177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवादा की टीम को गया के गेंदबाजों ने कड़ी टक्कर दी, जिससे मुकाबला अंत तक रोमांचक बना रहा। नवादा ने 37 ओवर में 9 विकेट खोकर 180 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। नवादा की ओर से आदर्श ने नाबाद 51 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। वहीं सूरज ने 41 रन, आदित्य ने 27 रन और सुमन ने 16 रन का योगदान दिया। गया की ओर से गेंदबाजी में मयंक ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 34 रन देकर 5 विकेट झटके, जबकि रंजन ने 3 विकेट और प्रीतम ने 1 विकेट हासिल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए नवादा के आदर्श को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस मौके पर क्रिकेट एसोसिएशन नालंदा के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, सचिव गोपाल कुमार सिंह, पूर्व सचिव सैयद मोहम्मद जावेद इकबाल, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, संयुक्त सचिव संजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मुकाबले में बीसीए पैनल के अंपायर सुनील सिंह और नितेश कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट का अगला मुकाबला 20 मार्च 2026 को नालंदा और गया के बीच खेला जाएगा।

Read More

रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग की जीत, मैकेनिकल विभाग को 1 विकेट से हराया

सोनपुर। अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने मैकेनिकल विभाग को अंतिम गेंद तक चले मैच में 1 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैकेनिकल विभाग की शुरुआत खराब रही और टीम के चार प्रमुख बल्लेबाज महज 28 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद राजू यादव ने शिव शंकर मंडल और पंकज सिंह के साथ साझेदारी करते हुए टीम को संभाला और निर्धारित ओवर से चार गेंद पहले टीम को 116 रन तक पहुंचाया। इंजीनियरिंग विभाग की ओर से गेंदबाजी में राजा भारती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में दो मेडन फेंकते हुए 4 विकेट झटके। इसके अलावा अमित ने 2 विकेट, जबकि रंजीत और राजीव ने 1-1 विकेट हासिल किए।

117 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 33 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की। हालांकि इसके बाद टीम को कुछ झटके लगे और मिथिलेश (10 रन) तथा रंजीत (15 रन) आउट होकर पवेलियन लौट गए। मध्यक्रम में जावेद ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 31 रन बनाए और टीम को जीत की राह पर ला दिया। वहीं सौरभ ने 16 रन का योगदान दिया। मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां आखिरी गेंद पर इंजीनियरिंग विभाग ने जीत के लिए जरूरी रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लेने और बल्लेबाजी में उपयोगी योगदान देने वाले राजा भारती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस तरह इंजीनियरिंग विभाग ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

Read More

पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग: शशीम राठौर की तूफानी पारी से पेसू की शानदार जीत

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेले जा रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत गुरुवार को खेले गए मुकाबले में पेसू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंचशील सीसी को 6 विकेट से पराजित कर जीत दर्ज की। विजेता टीम के शशीम राठौर (56 रन, 1 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। केएनसीसी को सचिवालय स्पोट्र्स के खिलाफ वाकओवर मिला।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंचशील सीसी की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में सात विकेट पर 184 रन बनाए। खराब शुरुआत हुई पर अनिरुद्ध राज (61 रन), बिट्टू कुमार (46 रन) और अभिषेक कुमार (32 रन) की अच्छी बैटिंग के दम पर पंचशील सीसी सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा। अंत में आयुष राज ने नाबाद 17 रन की पारी खेली। पेसू की ओर से अभिजीत साकेत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 38 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं हर्ष राज ने 34 रन देकर 2 विकेट चटकाये। शशीम राठौर और राहुल राठौर को 1-1 सफलता मिली।

185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पेसू की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। शशीम राठौर ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 27 गेंदों में 56 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। कप्तान राजेश कुमार सिन्हा ने 47 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि बाबुल कुमार ने 33 रन का योगदान दिया। इनके अलावा पंकज कुमार ने नाबाद 13 और प्रियांशु ने नाबाद 16 रन की पारी खेली और टीम का स्कोर 26.4 ओवर में 188/4 रन तक पहुंचाकर जीत दिला दी।

संक्षिप्त स्कोर:

पंचशील सीसी : 184/7 (40 ओवर), अनिरुद्ध राज 61, बिट्टू कुमार 46, अभिषेक कुमार 32, आयुष राज नाबाद 17,अतिरिक्त 10, अभिजीत साकेत 3/38, हर्ष राज 2/34, शशीम राठौर 1/37, राहुल राठौर 1/30

पेसू : 188/4 (26.4 ओवर), शशीम राठौर 56, राजेश कुमार सिन्हा 47, बाबुल कुमार 33, प्रियांशु नाबाद 16, पंकज कुमार नाबाद 13, प्रियांशु कुमार प्रतीक 2/24, अनिरुद्ध राज 1/30, बिट्टू कुमार 1/11

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.