KRIDA NEWS

महिला क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन करेगी भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ, अटल बिहारी वाजपेयी जयंती को समर्पित- सतीश राजू

पटना: भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश पदाधिकारियों व आयोजन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज प्रदेश संयोजक सतीश राजू की अध्यक्षता में भाजपा प्रदेश मुख्यालय स्थित कैलाशपति मिश्र सभागार में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली महिला क्रिकेट चैंपियनशिप को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।

प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने बताया कि भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ प्रत्येक वर्ष श्रद्धेय अटल जी की जयंती पर महिला क्रिकेट चैंपियनशिप का आयोजन करती रही है। इस वर्ष भी 6 दिवसीय चैंपियनशिप का आयोजन 20 दिसंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर को समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा।उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्र निर्माण के प्रति पूर्ण समर्पण का उदाहरण है। उनकी प्रेरणादायी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए क्रीड़ा प्रकोष्ठ का उद्देश्य बिहार की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी योग्यता का प्रदर्शन कर राज्य व देश का नाम रोशन कर सकें।

सतीश राजू ने कहा कि बिहार में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें उचित सुविधा, दिशा और अवसर देने की जरूरत है। भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ इसी लक्ष्य के साथ महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्यरत है।

बैठक में भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह- संयोजक मुकेश पासवान, राजीव रंजन यादव, विकास कुमार गोल्डी, रेणु देवी, कोषाध्यक्ष विकास सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी कुंदन कुमार, मीडिया सह प्रभारी सुमित शर्मा, आईटी सेल संयोजक मोहित श्रीवास्तव, साथ ही पटना महानगर से अजय मुन्ना, निलेश दत्त तिवारी, सचिन राणावत, अभिराम शर्मा, विपुल कुमार, शंकर गुप्ता, प्रेम प्रकाश और डॉक्टर रवि उपस्थित थे।

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: ईशान किशन एकेडमी की रिकॉर्ड जीत, डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रन से हराया

पटना: बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में ईशान किशन क्रिकेट एकेडमी ने विस्फोटक बल्लेबाजी और धारदार गेंदबाजी के दम पर डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी को 260 रनों के विशाल अंतर से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन एकेडमी ने 32.5 ओवर में 386 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आयुष रंजन ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 40 गेंदों में 116 रन ठोक दिए, जिसमें 15 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वहीं अंश राज ने 111 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सार्थक ने 58 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में सचिन कुमार ने 3 विकेट, जबकि आशीष रंजन और शौर्य कुमार ने 2-2 विकेट हासिल किए, लेकिन टीम विपक्षी बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सकी।

387 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डी.एस.ए. क्रिकेट एकेडमी की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। पूरी टीम 22.3 ओवर में 126 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नेहाल ने 45 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। ईशान किशन एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रिआन सैनी और साहिल ने 3-3 विकेट झटके। वहीं अनिश और अर्जुन राणा ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आयुष रंजन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार किया गया।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में वाईएमसीसी और बीएसईबी जीते

पटना: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही अधिकारी मदन मोहन प्रसाद मेमोरियल पटना डिस्ट्रिक्ट सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में वाईएमसीसी और बीएसईबी की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। एक मैच में वाईएमसीसी ने सत्यम कुमार के तूफानी शतक और सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत शर्मा स्पोर्टिंग को 166 रन के बड़े अंतर से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में बीएसईबी ने बेहद रोमांचक संघर्ष में क्रिसेंट सीसी को 1 विकेट से हराकर जीत अपने नाम की।

YMCC की जीत

स्थानीय जेनेक्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाईएमसीसी की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 7 विकेट पर 324 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सत्यम कुमार ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 53 गेंदों में 129 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इसके अलावा सूरज कुमार कश्यप ने 57 गेंदों में 84 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान विराट पांडेय ने 43 रन का योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत वाईएमसीसी ने बड़ा स्कोर खड़ा किया।

324 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शर्मा स्पोर्टिंग की टीम वाईएमसीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 28 ओवर में 158 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से राहुल कुमार ने 33 रन और आदित्य कुमार राय ने 24 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके। वाईएमसीसी की ओर से गेंदबाजी में गौरव राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं सूरज कश्यप ने 3 विकेट विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की। विजेता टीम के सूरज कश्यप (84 रन, 3 विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

BSEB ने हासिल की जीत

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिसेंट सीसी की टीम ने 40 ओवर में 150 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आशीष राज ने 37 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि नदीम स्ट्राइकर ने 21 रन और रितविक राज ने 14 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की ओर से तुषार कांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 13 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं परमेश्वर यादव ने 2 विकेट लिए और शंभू कुमार तथा प्रदीप को 1-1 सफलता मिली।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसईबी की टीम को क्रिसेंट सीसी के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। एक समय टीम ने लगातार विकेट गंवा दिए, लेकिन पंकज कुमार मिश्रा ने 36 गेंदों में 44 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया।

इसके अलावा दीपक कुमार ने 25 रन और कप्तान मुकेश कुमार शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया। बीएसईबी की टीम ने 30 ओवर में 9 विकेट खोकर 151 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। क्रिसेंट सीसी की ओर से गेंदबाजी में गुलरेज अख्तर और रितविक राज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद टीम जीत दर्ज नहीं कर सकी। विजेता टीम के तुषारकांत को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

Read More

बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13: जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की शानदार जीत, YCC को 4 विकेट से हराया

पटना। बिहार कैम्ब्रिज क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए बिहार कैम्ब्रिज चैंपियन ट्रॉफी अंडर-13 के लीग मुकाबले में जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए YCC क्रिकेट एकेडमी को 4 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों ने अहम भूमिका निभाई। प्रियांशु को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए YCC क्रिकेट एकेडमी की टीम 34 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से कप्तान अनुराग राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 63 गेंदों में 82 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 16 चौके और एक छक्का शामिल रहा। उनके अलावा शशांक शेखर ने 21 रन और अन्य बल्लेबाजों ने छोटे-छोटे योगदान दिए। जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में कप्तान प्रियांशु जे.एस. ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 ओवर में 26 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं आदित्य कुमार ने 3 विकेट और अंश राज तथा आर्यन राज ने 1-1 विकेट लेकर YCC की पारी को समेट दिया।

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। आकर्ष राज ने 49 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अमित कुमार ने 27 रन बनाए। अंत में शिपु ने 36 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 21.4 ओवर में 160/6 तक पहुंचाकर जीत दिला दी। YCC क्रिकेट एकेडमी की ओर से गेंदबाजी में रुद्र नारायण ने 2 विकेट, अनुराग राणा ने 2 विकेट और सचिन कुमार ने 1 विकेट हासिल किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इस तरह जेनेक्स क्रिकेट एकेडमी ने संतुलित प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को अपने नाम किया और टूर्नामेंट में शानदार जीत दर्ज की।

Read More

29 मार्च से पटना में बिहार रूरल लीग, 24 टीमों के बीच होगा रोमांचक मुकाबला

पटना: पटना जिला में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिहार रूरल लीग के तहत जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन आगामी 29 मार्च से किया जाएगा, जिसमें कुल 24 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी रूपक कुमार एवं गवर्निंग काउंसिल के कन्वेनर ज्ञानेश्वर गौतम ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबले नौबतपुर–मसौढ़ी रोड स्थित पंकज स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स (पीटमास मैदान) में खेले जाएंगे। बड़ी संख्या में टीमों की भागीदारी के कारण मुकाबलों के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा। पटना जिला के मुकाबलों के समापन के बाद इसी लीग के अंतर्गत समस्तीपुर, जहानाबाद और मोतिहारी जिलों में भी मैचों का आयोजन किया जाएगा, जिनकी तिथियों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

ज्ञानेश्वर गौतम ने आगे बताया कि प्रतियोगिता के पहले चरण के सभी मैच पारंपरिक व्हाइट ड्रेस में खेले जाएंगे। इसके लिए सभी टीमों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों ने सभी टीमों के कप्तानों से अनुरोध किया है कि वे मैच से संबंधित जानकारी के लिए प्रभात कुमार (मोबाइल: 9939089666) से संपर्क कर लें।

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.