KRIDA NEWS

बिहार क्रिकेट में फिर होगा बवाल, आदित्य वर्मा ने लगाया बड़ा आरोप, ‘सारण जिला क्रिकेट संघ के साथ अन्याय नहीं, अपराध हुआ है’

पटना। बिहार क्रिकेट एक बार फिर गहरे विवादों के केंद्र में है। बिहार क्रिकेट को दोबारा BCCI से मान्यता दिलाने की लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने वाले वरिष्ठ क्रिकेट प्रशासक आदित्य वर्मा ने सारण जिला क्रिकेट संघ के साथ हुई कथित अनियमितताओं, जिला इकाइयों की वैधता खत्म करने, और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के मौजूदा नेतृत्व की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि 1935 से बिहार क्रिकेट BCCI का हिस्सा रहा है। विभाजन के बाद जब बिहार क्रिकेट धराशायी हो गया था, तब उसे दोबारा खड़ा करने की लड़ाई मैंने अकेले लड़ी। आज कोई यह दावा नहीं कर सकता कि उसने बिहार क्रिकेट की मान्यता के लिए अदालतों में कदम रखा हो। सिविल कोर्ट, बॉम्बे हाईकोर्ट, झारखंड हाईकोर्ट, पटना हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक लगातार संघर्ष किया, जिसके फलस्वरूप बिहार को फिर से BCCI की मान्यता मिली।

सारण जिला के अन्याय पर बोला तीखा हमला

BCA के मौजूदा सेटअप पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुराने जिला क्रिकेट संघों को समाप्त कर उनकी जगह अवैध जिला इकाइयों का निर्माण कर दिया है, जिससे सबसे अधिक नुकसान सारण जिला क्रिकेट संघ को हुआ है।

उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सारण… मेरे सारण जिले के क्रिकेट संघ के साथ चोरी नहीं, डकैती नहीं, एक तरह का रेप किया गया है। आज सारण के एक भी बच्चे को बिहार टीम में जगह नहीं मिल रही। क्या यही न्याय है?उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 1994 में भारतीय टीम के स्टार रविश शास्त्री को इंटर स्कूल फाइनल में सारण लाने का कार्य भी उन्होंने ही किया था, जो सारण की समृद्ध क्रिकेट परंपरा का प्रमाण है।

सुप्रीम कोर्ट में जारी है जिला इकाइयों की लड़ाई

उन्होंने बताया कि वर्तमान विवाद अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त जस्टिस एल. नागेश्वर राव समिति के समक्ष है, जहां कई जिलों ने यह शिकायत दर्ज कराई है कि BCA के मौजूदा नेतृत्व ने जिला संघों के अधिकार पूरी तरह छीन लिए हैं। आज हर जिला अदालत के सामने अपनी आवाज उठा रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा चोट सारण को लगी है।

सारण को उसका हक दिलाकर रहूंगा

आदित्य वर्मा ने कहा कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे करवाए गए ताकि वो इससे पीछे हट जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बहुत जल्द वापस आ रहा हूँ। केस फाइल करना मुझे कोई सिखाएगा नहीं। मैंने ही बिहार को दोबारा मान्यता दिलाई है। सारण को उसका सम्मान और अधिकार वापस दिलाकर ही रहूंगा। उन्होंने दावा किया कि भविष्य में सारण जिला क्रिकेट संघ दोबारा खड़ा होगा और BCCI से इंडोर फैसिलिटी भी सारण ही लेगा।

उनके बयान ने बिहार क्रिकेट प्रशासन में हलचल तेज कर दी है। जिला मान्यता, चयन प्रक्रिया, खिलाड़ियों के अवसर और संरचनात्मक पारदर्शिता को लेकर बहस और तेज होने की संभावना है।

Read More

पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट में क्रिसेंट सीसी ने हासिल की बड़ी जीत, विद्यार्थी सीसी को 10 विकेट से हराया

पटना, 4 फरवरी: पटना जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में खेली जा रही अधिकारी एम एम प्रसाद मेमोरियल पटना जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग के अंतर्गत बुधवार को खेले गए मुकाबले में क्रिसेंट क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थी क्रिकेट क्लब को 10 विकेट से पराजित किया। प्रिंस कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।

विद्यार्थी सीसी की पारी: सनी की जुझारू बल्लेबाजी

स्थानीय अल्फा स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला विद्यार्थी सीसी के लिए भारी पड़ गया और पूरी टीम 26 ओवर में 120 रन पर सिमट गई। कप्तान सनी ने अकेले मोर्चा संभालते हुए नाबाद 69 रन की पारी खेली। उन्होंने 88 गेंदों का सामना किया और 7 चौके व 2 छक्के लगाए। हालांकि, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।

शीर्ष क्रम से लेकर निचले क्रम तक विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। पूरी टीम 26 ओवर में 10 विकेट खोकर सिर्फ 120 रन ही बना सकी। क्रिसेंट सीसी की गेंदबाजी बेहद अनुशासित रही। प्रिंस कुमार और रित्विक ने तीन-तीन विकेट झटके। हिमांशु कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट हासिल किए, जिससे विद्यार्थी सीसी बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही।

लक्ष्य का पीछा: क्रिसेंट सीसी का दबदबा

120 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिसेंट सीसी की टीम ने शुरू से ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। सलामी बल्लेबाज अभिनव सिन्हा और मोहम्मद कैफ ने बिना कोई जोखिम लिए शानदार बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

अभिनव सिन्हा ने 60 गेंदों पर 64 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे। वहीं मोहम्मद कैफ ने 78 गेंदों पर 47 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ निभाया। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई नाबाद साझेदारी के दम पर क्रिसेंट सीसी ने 22.4 ओवर में बिना विकेट गंवाए 123 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

संक्षिप्त स्कोर
विद्यार्थी सीसी: 120/10 (26 ओवर), सनी नाबाद 69, प्रिंस कुमार 3/18, रित्विक 3/29, हिमांशु कुमार 2/15
क्रिसेंट सीसी: 123/0 (22.4 ओवर), अभिनव सिन्हा नाबाद 64, मोहम्मद कैफ नाबाद 47

Read More

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की बिहार रूरल लीग का कैंप शुरू, 105 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

पटना: बिहार क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बिहार रूरल लीग के तहत खुशी टारगेट क्रिकेट एकेडमी, दीघा (पटना) में आज से चयन कैंप का शुभारंभ हो गया। कैंप के पहले दिन खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और कुल 105 खिलाड़ियों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। मीडिया प्रभारी रूपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कैंप बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने और मजबूत टीम तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

कैंप कन्वेनर प्रभात कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप के दौरान फिटनेस टेस्ट, स्किल असेसमेंट और मैच प्रैक्टिस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे खिलाड़ियों की क्षमता का सही आकलन किया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि जहां एक ओर बड़ी संख्या में खिलाड़ी कैंप में शामिल हुए, वहीं सैकड़ों खिलाड़ियों ने काउंसिल की परीक्षाओं का हवाला देते हुए कैंप और मैच की घोषित तिथियों में बदलाव की मांग की है। खिलाड़ियों की इस मांग पर रूरल लीग मैनेजमेंट गंभीरता से विचार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को मौका मिल सके।

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से पटना सहित आसपास के सभी खिलाड़ियों को सूचित किया गया है कि भले ही वे कैंप का हिस्सा नहीं बन पाए हों, फिर भी कैंप स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। इससे चयन प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा किया जा सकेगा और टीम को अंतिम रूप देने में सहूलियत होगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि बिहार रूरल लीग के माध्यम से नए और उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट में चेंजर्स जीता, वारियर्स ने सुपरकिंग्स को 1 रन से हराया

पटना । श्रीकृष्णा खेल मैदान, खेमनीचक, पटना में खेले जा रहे लक्ष्मण सिंह स्मृति स्कूली क्रिकेट मैच में चेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइटर्स को 59 रनों से पराजित किया। मुकाबले में टॉस जीतकर फाइटर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन चेंजर्स के बल्लेबाजों ने तय 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाकर मजबूत लक्ष्य खड़ा किया।

चेंजर्स की ओर से शौर्य समीर ने जिम्मेदार और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उनके अलावा स्वजित टासकट ने 19 रन, तमजीद आलम ने 18 रन और रयान अनवर ने 12 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 18 रन मिले, जो स्कोर को मजबूती देने में अहम साबित हुए।

170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फाइटर्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 17.1 ओवर में 110 रन पर सिमट गई। फाइटर्स की ओर से सचिन यादव ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि अनुपम राज ने 15 रन और आदर्श कुमार व नीरज ने 11-11 रनों का योगदान दिया। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 21 रन मिले, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के शौर्य समीर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
चैंजर्स 169/9 (20 ओवर), तमजीद आलम 18, रयान अनवर 12, शौर्य समीर 43, स्वजीत डासकट 19, अतिरिक्त 18, सचिन यादव 3/25, श्याम कुमार 2/27, कार्तिक चौधरी 2/48.

फाइटर्स 110/10 (17.1 ओवर), रोहित कुमार 10, आदर्श कुमार 11, सचिन यादव 29, अनुपम राज 15, नीरज 11, अतिरिक्त 21, विशाल 2/28, जीत यादव 2/18.

दिन का दूसरा मुकाबला दर्शकों के लिए सांसें रोक देने वाला साबित हुआ, जहां वारियर्स और सुपरकिंग्स के बीच खेला गया मैच आखिरी गेंद तक रोमांच से भरा रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वारियर्स की टीम ने आक्रामक अंदाज में रन बटोरते हुए 19.5 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 179 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

वारियर्स की पारी में कप्तान आयुष यादव ने शानदार नेतृत्व करते हुए 39 रनों की अहम पारी खेली। उनके अलावा प्रत्युष सुंदरम ने 24 रन बनाए, जबकि अमन कुमार और रोहन कुमार ने 21–21 रनों का योगदान दिया। शुभम घोष ने 15 रन जोड़े। टीम को एक्स्ट्रा के रूप में 45 रन मिले, जिसने कुल स्कोर को मजबूती दी।

180 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपरकिंग्स की टीम ने भी जोरदार मुकाबला पेश किया। हर्ष राज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए, वहीं कप्तान अनिकेत प्रकाश ने 43 रनों की सधी हुई पारी खेली। अंत के ओवरों में विपुल ने नाबाद 35 रन बनाकर मैच को आखिरी क्षणों तक पहुंचा दिया। सुपरकिंग्स को एक्स्ट्रा के रूप में 32 रन मिले, लेकिन टीम निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन ही बना सकी। इस तरह वारियर्स ने बेहद रोमांचक मुकाबले में सुपरकिंग्स को एक रन से शिकस्त दी। शानदार कप्तानी पारी के लिए वारियर्स के आयुष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
वारियर्स 179/10 (19.5 ओवर), आयुष यादव 39, अमन कुमार 21, प्रत्युष सुंदरम 24, रोहन सिंह 21, शुभमम घोष 15, अतिरिक्त 45, पियूष रंजन 4/47.
सुपर किंग्स 178/6 (20 ओवर), हर्ष राज 57, अनिकेत प्रकाश 43, विपुल कुमार 35, अतिरिक्त 32, यशस्वी 2/26, आयुष यादव 2/32.

Read More

लक्ष्मण सिंह स्मृति अंडर-15 अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में लायंस और चैंपियंस ने जीते अपने मुकाबले

पटना। कप्तान हिमांशु और हरिओम की धारदार गेंदबाजी के आगे ब्लास्टर के बल्लेबाज नहीं टिक सके। श्रीकृष्ण खेल मैदान, खेमनीचक में मंगलवार को खेले गए चैंपियंस बनाम ब्लास्टर के बीच मैच में चैंपियंस ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 18 ओवर में दो विकेट खोकर 146 रन बनाए। चैंपियंस के लिए अस्तित्व चंद्रा ने 62 रन, आयुष्मान जैन ने 29 रन और अभिमान ने 16 रन बनाए।

जवाब में खेलने उतरे ब्लास्टर को ओपनर बल्लेबाज रवि कुमार व अमन ने बेहतरीन शुरुआत थी। रवि ने जहां 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. वहीं कप्तान अमन ने 23 गेंदों में 35 रन का योगदान दिया. इनके बाद के बल्लेबाज चैंपियंस के गेंदबाज हिमांशु व हरिओम के सामने नहीं टिक सके. पूरी टीम 16.3 ओवर में 130 रन पर सिमट गई। हिमांशु व हरिओम ने तीन-तीन विकेट चटकाए। विजेता टीम के हरिओम को प्लेयर आफ द मैच चुना गया।

संक्षिप्त स्कोर
चैंपियंस: 18 ओवर में 2 विकेट पर 146 रन, आयुष्मान जैन 29, अस्तित्व चंद्रा 62, अभिमान नाबाद 16, शरद सिंह नाबाद 11, अतिरिक्त 28, यश राज 1/21, अर्पित लाल 1/23.
ब्लास्टर: रवि कुमार 57, अमन कुमार 35, सौरव 11, जैकी 11, अतिरिक्त 6, हिमांशु 3/35, हरिओम 3/23, शरद सिंह 1/25, अस्तित्व चंद्रा 1/2, आयुष्मान जैन 1/0.

दूसरा मैच
दिन के दूसरे मुकाबले में रोमांचक संघर्ष देखने को मिला, जहां लायंस और जाबांज की टीमें आमने-सामने थीं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लायंस की टीम निर्धारित 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और 19.5 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। लायंस की ओर से साहिल ने सर्वाधिक 36 रन बनाए, जबकि प्रशांत ने 30 रन का योगदान दिया. इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जाबांज की टीम भी दबाव में बिखरती नजर आई और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 103 रन ही बना सकी। लायंस के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने जाबांज के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल पाए। इस तरह लायंस ने 18 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए लायंस के शिबू भूषण को मैन ऑफ द मैच चुना गया। शिबू ने अपने चार ओवर के स्पेल में एक मेडन सहित सिर्फ 12 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

संक्षिप्त स्कोर
लायंस: 19.5 ओवर में 121 रन पर आलआउट, प्रशांत 30, साहिल 36, अतिरिक्त 24, रुद्र प्रकाश मिश्रा 3/18, पार्थ पुष्कर 2/16, सार्थक राज 2/17.
जाबांज: 20 ओवर में 9 विकेट पर 103 रन, सार्थक राज 41, पियूष रंजन 12, पियूष कुमार 14, अतिरिक्त 17, शिबू भूषण 3/12, मयंक 2/13.

Subscribe Now
Do you want to subscribe to our newsletter?

Fill this form to get mails from us.